Home: दिल्ली क्राइम
दिल्ली में 40 फीट गहरे बोरवेल में गिरे शख्स की नहीं बच सकी जान, रेस्क्यू टीम ने निकाला शव

दिल्ली में 40 फीट गहरे बोरवेल में गिरे शख्स की नहीं बच सकी जान, रेस्क्यू टीम ने निकाला शव

दिल्ली | क्राइम | 3/10/2024, 6:28 PM | Ground Zero Official

दिल्ली के केशोपुर मंडी के पास जल बोर्ड के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के बोरवेल में गिरे शख्स की मौत हो गई है। लगभग 12 घंटे तक बचाव अभियान चलाये जाने के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने यह जानकारी दी। व्यक्ति का शव बोरवेल से बाहर निकाल लिया गया है। शख्स की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है और उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

बोरवेल में गिरे व्यक्ति की मौत की जानकारी देते हुए दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे बेहद दुख के साथ यह खबर साझा करनी पड़ रही है कि बोरवेल में गिरे व्यक्ति को बचाव दल ने मृत पाया है। वह बोरवेल रूम में कैसे घुसा, बोरवेल के अंदर कैसे गिरा- इसकी जांच पुलिस करेगी। मैं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को धन्यवाद देती हूं, जिन्होंने कई घंटों तक चले बचाव अभियान में व्यक्ति को बचाने का हर संभव प्रयास किया।''

बहुत दुख के साथ यह ख़बर साझा कर रही हूँ कि जो पुरुष बोरवेल में गिरे थे, उन्हें रेस्क्यू टीम ने मृत पाया है। ईश्वर अपने श्री चरणों में उन्हें स्थान दे।

बता दें कि, पश्चिमी दिल्ली के केशोपुर मंडी इलाके में शनिवार देर रात करीब एक बजे सूचना मिली कि दिल्ली जल बोर्ड के जलशोधन संयंत्र के बोरवेल में एक व्यक्ति गिर गया है। इसके बाद व्यक्ति को बचाने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) की टीम के नेतृत्व में एक अभियान चलाया गया। इससे पहले बोरवेल में रस्सी डालकर उसे निकालने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसमें सफलता नहीं मिली थी।

LATEST