Home: खेल खेल
धोनी के कप्तानी छोड़ने पर वायरल हुआ रोहित शर्मा का रिएक्शन, क्रिकेट जगत में मची खलबली

धोनी के कप्तानी छोड़ने पर वायरल हुआ रोहित शर्मा का रिएक्शन, क्रिकेट जगत में मची खलबली

खेल | खेल | 3/22/2024, 8:21 AM | Ground Zero Official

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के शुरू होने से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने नए कप्तान की घोषणा कर दी है। डिफेंडिंग चैंपियन सीएसके के लिए आईपीएल के 17वें सीजन में रुतुराज गायकवाड़ कप्तानी करेंगे। गायकवाड़ से पहले दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी टीम के कप्तान थे। धोनी की कप्तानी में सीएसके ने 5 बार आईपीएल ट्रॉफी को अपने नाम किया। ऐसे में धोनी का कप्तानी छोड़ना एक युग के अंत की तरह है।

धोनी के सीएसके की कप्तानी से हटने के बाद मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी रिएक्ट किया है। रोहित ने अपने इंस्टाग्राम पर हाथ मिलाने वाला इमोजी शेयर किया है। बता दें कि हाल ही में रोहित शर्मा को भी मुंबई की कप्तानी से हटाया गया था। रोहित की जगह हार्दिक पंड्या को मुंबई का नया कप्तान बनाया गया है।

रुतुराज गायकवाड़ बने सीएसके के कप्तान

आईपीएल 2024 की शुरुआत 22 मार्च से हो रही है। लीग का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा। हालांकि, लीग के इस ओपनिंग से ठीक पहले महेंद्र सिंह धोनी ने टीम कप्तानी को छोड़ने का फैसला किया। धोनी की जगह सीएसके के टीम मैनेजमेंट ने रुतुराज गायकवाड़ को अपना कप्तान नियुक्त किया है।

रुतुराज इससे पहले टीम इंडिया की कप्तानी भी कर चुके हैं। भारत के लिए एशियन गेम्स 2023 में रुतुराज ने टीम की अगुवाई की थी। रुतुराज के नेतृत्व में टीम इंडिया ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। ऐसे में अब उनके सामने आईपीएल में खुद को साबित करने की बड़ी चुनौती होगी।

5 बार की चैंपियन है सीएसके

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक रही है। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में सीएसके की टीम पांच बार खिताबी जीत हासिल कर चुकी है। सीएसके के बाद सिर्फ मुंबई इंडियंस की टीम ही है जिसने 5 बार खिताब अपने नाम किया है।

LATEST