Home: खेल खेल
चेपॉक में बेंगलुरु फिर फेल! चेन्नई ने 6 विकेट से रौंदा; मुस्तफिजुर के बाद जडेजा-दुबे चमके

चेपॉक में बेंगलुरु फिर फेल! चेन्नई ने 6 विकेट से रौंदा; मुस्तफिजुर के बाद जडेजा-दुबे चमके

खेल | खेल | 3/23/2024, 8:35 AM | Ground Zero Official

चेन्नई: डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने जीत के साथ आईपीएल 2024 की शुरुआत की है। नए कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में अपने घरेलू मैदान पर चेन्नई ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराया। गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने अपनी ‘वैरिएशन’ के बूते चार विकेट झटके। इसके बाद भी आरसीबी की टीम 173 रनों तक पहुंचने में सफल रही। जवाब ने चेन्नई ने ताबड़तोड़ बैटिंग की। नियमित अंतराल पर विकेट गिरे लेकिन टीम ने 8 गेंद बाकी रहते ही मुकाबले को अपने नाम कर लिया। आरसीबी की टीम 2008 के बाद चेन्नई को चेपॉक पर नहीं हरा पाई है। शिवम दुबे ने नाबाद 34 और रविंद्र जडेजा ने 25 रन बनाए।

कार्तिक और अनुज ने मुश्किल से निकाला

78 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मुश्किल में थी, लेकिन अनुज रावत ने 48 और दिनेश कार्तिक ने नाबाद 38 रन बनाकर बीच छठे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की। शुरू में सतर्क होकर खेलरहे रावत ने देशपांडे पर तीन छक्के और एक चौके जड़कर पारी का रुख बदल दिया जिससे आरसीबी ने अपने आखिरी छह ओवर में 83 रन बनाये। कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने 35 रन की पारी खेली। रावत ने अपनी पारी के दौरान चार चौके और तीन छक्के लगाये।

इससे पहले मुस्तफिजुर ने अपने पहले दो ओवरों में चार विकेट लेकर आरसीबी का स्कोर पांच विकेट पर 78 रन कर उसे दबाव में ला दिया था। पारी में पहले मुस्तफिजुर ने दबदबा बनाया, लेकिन उसके बाद रावत ने सूझ समझ वाली पारी खेली। अगर माथिशा पाथिराना सीएसके में शामिल होने के लिए फिट होते तो शायद मुस्तफिजुर को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिलती। डुप्लेसी को रोकने के लिए लगाये गये मुस्तफिजुर ने पावरप्ले में पिच की मदद से दो विकेट चटकाये।

क्रीज पर जूझते रहे विराट कोहली

मुस्तफिजुर ने डुप्लेसी के बाद रजत पाटीदार को आउट किया। दीपक चाहर ने फिर ग्लेन मैक्सवेल को भी खाता भी नहीं खोलने दिया। दो से ज्यादा महीनों बाद पहला प्रतिस्पर्धी मैच खेल रहे विराट कोहली ने 20 गेंदों पर 21 रन बनाये। पावरप्ले में केवल छह गेंदों का सामना करने के बाद कोहली का पहला आक्रामक स्ट्रोक महेश तीक्ष्णा की गेंद पर छक्का था। लेकिन दो महीने के पितृत्व अवकाश के बाद वापसी के दौरान वह लय में नहीं दिखे। वह गलत समय पर लगाये पुल शॉट के कारण कैच आउट हुए। अजिंक्य रहाणे ने डीप मिड विकेट पर कैच लिया लेकिन वह फिसलने वाले थे तो उन्होंने इसे रचिन रविंद्र की ओर फेंका जिन्होंने कैच लपक लिया। कोहली के बाद मुस्तफिजुर ने कैमरन ग्रीन (18 रन) को बोल्ड किया।

चेन्नई सुपर किंग्स की तेज शुरुआत

चेन्नई सुपर किंग्स ने जवाब में तेज शुरुआत की। पहली ही गेंद पर कप्तान रुतुराज ने चौका मारा। दूसरे सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र और खतरना मूड में थे। तीसरे ओवर में उन्होंने सिराज को छक्का और चौका मारा। यश दयाल के खिलाफ चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर रुतुराज 15 रन बनाकर आउट हुए लेकिन रचिन ने अपना रुख नहीं बदला। अल्जारी जोसेफ को 5वें ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ दिया। पावरप्ले के आखिरी ओवर में अजिंक्य रहाणे ने छक्का समेत 13 रन बनाए और टीम को 62 रनों तक पहुंचा दिया।

7वें ओवर में कर्ण शर्मा के खिलाफ एक छक्का मारने के बाद रचिन ने फिर कोशिश की लेकिन बाउंड्री लाइन पर पकड़े गए। उन्होंने 15 गेंद पर 3 छक्के और 3 चौकों की मदद से 37 रन बनाए। डैरेल मिचेल ने 9वें ओर में लगातार दो छक्के मारे। लेकिन मयंक डागर ने दो किफायदी ओवर डालकर आरसीबी की वापसी कराई। अजिंक्य रहाणे 19 गेंद पर 27 रन बनाने के बाद कैमरून ग्रीन की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद ग्रीन ने अपने अगले ओवर में डैरेल मिचेल को भी आउट किया।

जडेजा और दुबे ने लक्ष्य तक पहुंचाया

110 रनों पर 4 विकेट गिरने के बाद लगा कि चेन्नई सुपर किंग्स मुश्किल में है। रविंद्र जडेजा और शिवम दुबे तेजी से रन भी नहीं बना पा रहे थे। इसके बाद भी दोनों ने संभलकर बैटिंग की और मौके मिलने पर हाथ खोले। 19वें ओवर में दोनों ने मिलकर टीम का लक्ष्य तक पहुंचा दिया। जडेजा और दुबे के बीच 5वें विकेट के लिए नाबाद 66 रनों की साझेदारी हुई।

LATEST