यमुनानगर | भगोड़ा आरोपी गिरफ्तार : पी.ओ. स्टाफ ने दबोचा कोर्ट से घोषित फरार
पुलिस ने भगोड़े आरोपी सुल्तान कुरैशी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के तहत की गई।

यमुनानगर। जिला पुलिस द्वारा भगोड़े आरोपियों और बेल जंपर्स की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पी.ओ. स्टाफ की टीम ने न्यायालय द्वारा घोषित एक भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार पी.ओ. स्टाफ प्रभारी निरीक्षक राजपाल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई अश्विनी, मुख्य सिपाही संदीप, महावीर, रजत तथा महिला मुख्य सिपाही सरस्वती शामिल थीं।
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव मॉडल टाउन, दामला निवासी सुल्तान पुत्र अकबर कुरैशी को गिरफ्तार किया। आरोपी एक आपराधिक मामले में न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस टीम ने सतर्कता और रणनीति के साथ दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कार्रवाई करने वाली टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में भगोड़े आरोपियों और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।



