यमुनानगर | एंटी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई : 254.24 ग्राम अफीम के साथ युवक गिरफ्तार | एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
बिलासपुर में एंटी नारकोटिक्स सेल ने 254.24 ग्राम अफीम के साथ युवक को गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ।

यमुनानगर । पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 254.24 ग्राम अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक पर सवार होकर बिलासपुर क्षेत्र के आसपास नशीला पदार्थ लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक सतीश कुमार, नवीन कुमार, एएसआई राजेंद्र सिंह और पंकज की टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवार को रोककर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 254.24 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान बिलासपुर निवासी रफीक पुत्र शमशाद खान के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले की गहनता से जांच जारी है।



