फरीदाबाद | साइबर ठगी में बैंक कर्मचारी गिरफ्तार : मृत व्यक्ति की फर्म का खाता गलत तरीके से किया था सत्यापित | रुपये 49 हजार की ठगी से जुड़ा मामला
दिल्ली के बैंक कर्मचारी गोपाल की गिरफ्तारी, ठगी का मामला। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर ₹49,000 की धोखाधड़ी की गई।

फरीदाबाद । साइबर थाना एनआईटी की टीम ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर रुपये 49 हजार की साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए बैंक कर्मचारी गोपाल को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी एक्सिस बैंक की सदर बाजार शाखा, दिल्ली में कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में एक अन्य बैंक कर्मचारी सहित तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पहले गिरफ्तार आरोपी आकाश ने अपने चाचा अशोक के नाम से नवदुर्गा इंटरप्राइजेज फर्म का चालू बैंक खाता सितंबर 2022 में दिल्ली के करोल बाग स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में खुलवाया था। इस खाते का सत्यापन बैंक कर्मचारियों प्रदीप और गोपाल ने कथित रूप से नियमों की अनदेखी करते हुए किया, जबकि फर्म के नामधारी अशोक की अगस्त 2022 में ही मृत्यु हो चुकी थी।
जांच के अनुसार आरोपी गोपाल को इस अवैध सत्यापन के बदले रुपये 5 हजार मिले थे। सितंबर से दिसंबर 2022 के बीच इस बैंक खाते में साइबर ठगी से जुड़े 78 लाख रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मामले की शुरुआत दयाल बाग निवासी एक युवती की शिकायत से हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 नवंबर 2022 को उसे एक व्यक्ति ने बैंक अधिकारी बनकर फोन किया और एसबीआई क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया। प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर आरोपी ने मोबाइल पर आए ओटीपी की जानकारी हासिल कर ली और कुछ ही देर में उसके क्रेडिट कार्ड से रुपये 49 हजार की धोखाधड़ीपूर्ण ट्रांजैक्शन कर ली।
शिकायत के आधार पर साइबर अपराध थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया। पुलिस की जांच के दौरान साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते और उससे जुड़े बैंक कर्मचारियों की भूमिका सामने आई। मामले में आगे की जांच जारी है।



