फरीदाबाद | सेक्टर-4 में युवक की हत्या का खुलासा : मारपीट मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद के सेक्टर-4 में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया। घटना के पीछे पैसों का विवाद बताया जा रहा है।

फरीदाबाद। सेक्टर-4 में पैसों के लेनदेन को लेकर हुई कहासुनी के बाद युवक की हत्या के मामले में पुलिस चौकी सेक्टर-8 की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बजरंगी, रोहित उर्फ बोना निवासी पटेल नगर, सेक्टर-4 तथा गोलू निवासी चावला कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। अदालत में पेश करने के बाद तीनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पटेल नगर निवासी विकास ने थाना सेक्टर-8 में शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 जुलाई को उसके बड़े भाई प्रभात की शुभम, रोहित उर्फ बोना, बजरंगी व अन्य लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि 5 जुलाई को प्रभात चावला कॉलोनी स्थित शुभम की दुकान पर गया था। इसके बाद शुभम और प्रभात सेक्टर-4 स्थित शराब के ठेके पर पहुंचे, जहां अन्य आरोपी भी आ गए। सभी ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान बजरंगी और प्रभात के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
कहासुनी बढ़ने पर बजरंगी, रोहित उर्फ बोना और गोलू ने प्रभात के साथ मारपीट शुरू कर दी। गंभीर चोटें लगने के कारण प्रभात की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है तथा मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।



