Fatehabad News | 27 अगस्त को होगा खेलो इंडिया संवाद : PM मोदी युवाओं से करेंगे वर्चुअल संवाद | खेल और विकसित भारत पर होगी चर्चा

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवाओं को खेल, युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से 27 अगस्त को जिले में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मेरा युवा भारत (माय भारत) के तत्वावधान में होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में खेल और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
माय भारत की जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने मंगलवार को लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फतेहाबाद जिले में चौधरी मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय भोडिया खेड़ा और एमएम कॉलेज फतेहाबाद में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती को समर्पित रहेगा।
खेलो इंडिया संवाद के दौरान देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और वर्ष 2036 के ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को तैयार करने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ शासन व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर भी विचार रखे जाएंगे।
कार्यक्रम में जिले के युवाओं को स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं से संवाद करने का अवसर भी मिलेगा। इसके माध्यम से युवा खेलों से जुड़े अनुभव और उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
जिला युवा अधिकारी के अनुसार युवा अपने विचार, सुझाव और आकांक्षाएं मेरा युवा भारत पोर्टल पर उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से ऑनलाइन साझा कर सकेंगे। उन्हें वीबीवाईएलडी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
रीना केसरिया ने जिले के युवाओं से 27 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सुझाव खेल क्षेत्र को मजबूत करने के साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को और प्रभावी बनाने में सहायक होंगे।
Editor: शिवानी राजपूत



