Fatehabad News | झलनिया में 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या : पुरानी रंजिश का आरोप | 5 लोगों पर केस

जिले के गांव झलनिया में पुरानी रंजिश के चलते 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गांव निवासी महेंद्र के रूप में हुई है। आरोप है कि सोमवार रात काम से बाइक पर घर लौटते समय उसे रास्ते में घेरकर हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर गांव के पांच लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महेंद्र मकानों में टाइल लगाने का काम करता था। सोमवार रात वह अपना काम खत्म करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि गांव में रास्ते के दौरान कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उस पर लाठी-डंडों व तलवार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महेंद्र ने गली में ही दम तोड़ दिया।

मामले में महेंद्र के भाई बुधराम ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गांव के अजय और रामू, जो दोनों भाई बताए गए हैं, तथा सतीश ने महेंद्र को रास्ते में घेरकर उस पर हमला किया। पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार होली के त्योहार पर महेंद्र का गांव के ही देवेंद्र सिंह के साथ झगड़ा हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा भी हो गया था। बुधराम ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि इसी पुरानी रंजिश के चलते देवेंद्र और उसके भाई दर्शन सिंह ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची और महेंद्र की हत्या करवाई।
घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें तीन युवक झलनिया में हुई हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए गवाही देने वालों को धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पुलिस को चुनौती देने जैसी बातें भी कही गई हैं। पुलिस इस वीडियो और उसमें दिखाई दे रहे लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।
पुलिस ने बुधराम की शिकायत के आधार पर देवेंद्र, दर्शन सिंह, अजय, रामू और सतीश के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 61 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
महेंद्र की उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है। वह शादीशुदा था और उसकी कोई संतान नहीं थी। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अब घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों, परिजनों के बयान और सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। वारदात में किसकी क्या भूमिका रही और सामने आए वीडियो का हत्या से क्या संबंध है, इसकी स्थिति पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
Editor: शिवानी राजपूत



