बाइक चोर गिरफ्तार : चोरी की तीन बाइक बरामद | नाकाबंदी में पकड़ा आरोपी | दूसरे साथी की तलाश

एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी की पहचान जिला अंबाला के गांव बुडियो निवासी विशाल उर्फ गुल्लू पुत्र सतीश कुमार के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम को एक युवक के चोरी की मोटरसाइकिल लेकर कैल बाईपास से गुजरने की गुप्त सूचना मिली थी।
एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल के इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर एएसआई रणधीर सिंह, संदीप, योगेश और नरेश की टीम गठित की गई। टीम ने संभावित स्थान पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आ रहे एक युवक को रोककर जांच की गई तो उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल के दस्तावेज संदिग्ध मिले।
पुलिस ने युवक से गहनता से पूछताछ की तो मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह बाइक 20 अगस्त को सिटी मॉल से चोरी की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर चोरी की एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। आरोपी ने बताया कि यह बाइक उसने 10 अगस्त को गुप्ता पैलेस जगाधरी गाबा के सामने से चोरी की थी।
इसके अलावा आरोपी के कब्जे से एक और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार इस मोटरसाइकिल का इंजन नंबर और चेसिस नंबर खुर्चा हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह मोटरसाइकिल अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की थी।
एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल के इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी के दूसरे साथी की तलाश की जा रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद होने से वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच की जा रही है।
जिला पुलिस ने आमजन से भी अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Editor: गरिमा बागोतिया



