बाइक चोरी में दूसरा आरोपी गिरफ्तार : साथी पहले हो चुका काबू | तीन बाइक बरामद

एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अंबाला जिले के गांव बुडियो निवासी अनिकेत उर्फ नन्हा पुत्र सतीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने पहले आरोपी विशाल उर्फ गुल्लू को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के बाद उसके साथी अनिकेत उर्फ नन्हा की भूमिका सामने आई।
एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि टीम ने कैल बाईपास से अंबाला जिले के गांव बुडियो निवासी विशाल उर्फ गुल्लू पुत्र सतीश कुमार को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया था। जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी से चोरी की कुल तीन बाइक बरामद की गई थीं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में विशाल ने बताया कि उसने अपने ही गांव के अनिकेत उर्फ नन्हा के साथ मिलकर तीनों बाइक चोरी की थीं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने अनिकेत की तलाश शुरू की और कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब बाइक चोरी की इन वारदातों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों की किसी अन्य वाहन चोरी की वारदात में संलिप्तता तो नहीं रही। मामले से संबंधित जानकारी और पूर्व की घटनाओं को भी खंगाला जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी अनिकेत को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने आमजन से भी अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने को कहा गया है, ताकि वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सके।
Editor: शिवानी राजपूत



