हफ्ते में दो दिन समाधान शिविर : सोमवार-वीरवार होगा आयोजन | सुबह 10 से 12 बजे समय | मौके पर समाधान पर जोर

आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक सोमवार और वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उपायुक्त प्रीति ने बताया कि जिला मुख्यालय पर जिला सचिवालय के सभागार कक्ष नंबर 203 में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक शिविर लगाया जाएगा। कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर शिविर में पहुंच सकता है।
उपायुक्त प्रीति ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा सरकार की मंशा है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। इसी उद्देश्य से समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविर अब सप्ताह में दो दिन सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। इनका आयोजन जिला मुख्यालय के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को अपने नजदीकी स्तर पर समस्याएं रखने का अवसर मिल सके।
समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं और शिकायतें रखी जा सकती हैं। शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी के कारण प्रशासन का प्रयास रहता है कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निपटारा किया जाए।
उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की ऐसी समस्याएं, जिनका मौके पर समाधान किया जा सकता है, उनमें अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
यदि किसी शिकायत के समाधान के लिए दस्तावेजों की जांच, रिकॉर्ड की पुष्टि अथवा अन्य विभागीय प्रक्रिया जरूरी है तो ऐसे मामलों को भी लंबित रखने के बजाय समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। संबंधित अधिकारी शिकायत पर हुई कार्रवाई की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
उपायुक्त प्रीति ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को सरल बनाना है। नागरिक अपनी समस्या संबंधित अधिकारियों के सामने रख सकते हैं और प्रशासन द्वारा उसके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक प्रार्थी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना जाए और नियमानुसार उसका समाधान किया जाए। जिन मामलों में अन्य विभागों से समन्वय की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर कार्रवाई पूरी की जाए।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी समाधान शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जिला एवं उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले इन शिविरों में नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं।
Editor: गरिमा बागोतिया



