कार से 5.718 किलो चरस बरामद : कीमत करीब ₹12 लाख | हिमाचल के 2 आरोपी गिरफ्तार

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा-2 यमुनानगर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 5 किलो 718 ग्राम चरस (सुल्फा) बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद चरस की कीमत करीब 12 लाख रुपये है। मामले में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
डीएसपी रजत गुलिया ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपराध शाखा-2 की टीम को देर रात नशीले पदार्थ की बड़ी खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी।

पुलिस के अनुसार अपराध शाखा-2 के इंचार्ज राकेश कुमार की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश नंबर की एक सफेद रंग की कार में कुछ लोग नशीला पदार्थ लेकर नेशनल हाईवे से गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के लिए उप निरीक्षक सुरेंद्र, एएसआई अरुण, सुनील, मुख्य सिपाही राजीव और सिपाही अमित की टीम गठित की गई। टीम ने छप्पर रेस्ट हाउस के पास पहुंचकर संदिग्ध सफेद रंग की S-Presso कार नंबर HP01 AA 0729 को रोक लिया। कार में दो व्यक्ति सवार थे।

पुलिस ने नियमानुसार मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाया। जांच के दौरान कार से कुल 5 किलो 718 ग्राम चरस बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने कार में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मिलापचंद निवासी जटहेड़, थाना अनी, जिला कुल्लू और नितेश कुमार उर्फ निटू निवासी गांव कांडाधारा, थाना अन्नी, जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
डीएसपी रजत गुलिया के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा नंबर 192, दिनांक 24 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
अब पुलिस की जांच का मुख्य फोकस बरामद चरस की खरीद और सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाना है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह जानकारी जुटाई जाएगी कि वे मादक पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किन लोगों तथा किन क्षेत्रों में की जानी थी।
पुलिस आरोपियों के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों द्वारा इससे पहले भी मादक पदार्थों की सप्लाई की गई थी या नहीं।
डीएसपी रजत गुलिया ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Editor: शिवानी राजपूत



