शिकायतों का जल्द हो समाधान : सोमवार-वीरवार लगेंगे शिविर | समयबद्ध निपटान के निर्देश | अधिकारियों ने किया योग

सीटीएम पीयूष गुप्ता ने अधिकारियों को समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली शिकायतों का यथाशीघ्र निपटान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अपनी समस्या लेकर शिविर में पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत का मौके पर समाधान करने का भरसक प्रयास किया जाए। यदि किसी शिकायत का समाधान दस्तावेजों की जांच अथवा अन्य प्रक्रिया पर निर्भर है तो उसका भी समयबद्ध तरीके से जल्द निपटान सुनिश्चित किया जाए।
जिला सचिवालय के सभागार में सीटीएम पीयूष गुप्ता की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और उनका त्वरित समाधान करना है। ऐसे में शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

सीटीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार के आदेशानुसार आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब समाधान शिविर सप्ताह में दो दिन सोमवार और वीरवार को आयोजित किए जाएंगे। शिविर का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि पूर्व की तरह जिला और उपमंडल दोनों स्तरों पर समाधान शिविर लगाए जाएंगे। इससे नागरिक अपने नजदीकी स्तर पर अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रख सकेंगे। संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में एक शिकायत प्राप्त हुई। फतेहगढ़ तुम्बी निवासी आयुष बेनिवाल ने परिवार पहचान पत्र की फैमिली आईडी में आय ठीक करवाने से संबंधित समस्या अधिकारियों के सामने रखी। शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर लिया गया।
समाधान शिविर के दौरान आयुष विभाग के योग विशेषज्ञ डॉ. शिव कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पांच मिनट तक योगाभ्यास भी करवाया। उन्होंने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के महत्व के बारे में जानकारी दी।
नगराधीश पीयूष गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे अपने कामकाज के साथ योग को भी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। नियमित योग से स्वस्थ रहने के साथ कार्य को अधिक कुशलता से करने में भी मदद मिलती है।
सीटीएम ने अधिकारियों को समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेने और जिन मामलों में दस्तावेज अथवा जांच की आवश्यकता है, उनकी प्रक्रिया जल्द पूरी करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों का निर्धारित समय में निपटान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय के अधीक्षक अनूप कुमार, समाधान शिविर के विशेष सदस्य खरैती लाल बतरा, जगदीश बब्बर, नीरज गुप्ता, सुरेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor: गरिमा बागोतिया



