विकास में देरी पर पेनल्टी : दो एजेंसियों की पेमेंट रोकी | काम में तेजी के निर्देश | वार्डवार समीक्षा

शहर में चल रहे विकास कार्यों में देरी को लेकर मेयर सुमन बहमनी ने सख्त रुख अपनाया है। वीरवार को कन्हैया साहिब चौक स्थित नगर निगम कार्यालय में वार्ड 16 से 22 तक चल रहे और लंबित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्धारित समय में काम पूरा न करने वाली एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। वार्ड 19 में विकास कार्यों में देरी पर दो एजेंसियों की पेमेंट रोकने और पेनल्टी लगाने को कहा गया।
बैठक में सातों वार्डों में चल रहे करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की वार्डवार समीक्षा की गई। मेयर ने निगम की इंजीनियरिंग शाखा और जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि कौन सा कार्य कितने प्रतिशत पूरा हुआ है और उसे पूरा करने की निर्धारित समय सीमा क्या है।

मेयर ने संबंधित सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी से आमजन को परेशानी होती है, इसलिए अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करें।
बैठक के दौरान वार्ड 19 में निर्धारित समय में काम पूरा नहीं करने वाली दो एजेंसियों का मामला सामने आया। इस पर मेयर ने दोनों एजेंसियों की पेमेंट रोकने और नियमानुसार पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम में देरी करने वाले ठेकेदारों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
जिन विकास कार्यों के टेंडर अलॉट हो चुके हैं, लेकिन संबंधित एजेंसियों ने अभी तक काम शुरू नहीं किया है, उन्हें भी नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए। अधिकारियों से ऐसे कार्यों में देरी के कारणों की जानकारी लेकर जल्द निर्माण शुरू करवाने को कहा गया।
मेयर सुमन बहमनी ने शहर में बनने वाली सड़कों, गलियों और अन्य विकास कार्यों के लिए जल्द एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। एस्टीमेट तैयार होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करवाने को कहा गया। लंबित विकास कार्यों में आ रही रुकावटों को भी प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में अभी गलियां कच्ची हैं या सड़कें और गलियां क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, उनके निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार कर जल्द टेंडर लगाए जाएं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया।
मेयर ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य शुरू होने के बाद उसे निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ पूरा करवाना संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों की जिम्मेदारी है। इससे शहरवासियों को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
बैठक में सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया, राजेश शर्मा, पार्षद संदीप धीमान, दीक्षित कुमार, उज्जवल बन्याल, हरजीत आनंद, विक्रम राणा, मंजीत कौर, पार्षद प्रतिनिधि अंकित कपिल, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ रोहित सरोगी तथा निगम के कनिष्ठ अभियंता तुलसी, विशाल और मोनिका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Editor: गरिमा बागोतिया



