Yamunanagar News | B.Ed छात्रों का शानदार परीक्षा परिणाम : सभी ने हासिल की फर्स्ट डिवीजन | 20 छात्रों के 70% से अधिक अंक

गुरु नानक खालसा कॉलेज के शिक्षा विभाग के बैचलर ऑफ एजुकेशन (B.Ed) द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। कॉलेज के सभी विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल की, जबकि 20 विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।
कॉलेज प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। कॉलेज के अनुसार बेहतर परीक्षा परिणाम से विद्यार्थियों ने एक बार फिर संस्थान का नाम रोशन किया है।
प्रिंसिपल डॉ. अरविंदर सिंह भल्ला ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने कहा कि B.Ed के विद्यार्थी भविष्य में शिक्षक के रूप में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष सरदार रणदीप सिंह जौहर ने भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षक शिक्षा उपलब्ध कराने और शैक्षणिक उत्कृष्टता को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
कॉलेज प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
Editor: शिवानी राजपूत



