Yamunanagar News | ‘जो लेख लिखे राम ने’ का पोस्टर रिलीज : सैनिक परिवारों को समर्पित फिल्म

9 वा रूट इंटरनेशनल फिल्म के बैनर तले निर्मित हरियाणवी फिल्म ‘जो लेख लिखे राम ने’ के पोस्टर रिलीज कार्यक्रम का आयोजन यमुनानगर में किया गया। कार्यक्रम में फिल्म का पोस्टर रिलीज करने के साथ देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर सैनिकों, शहीदों और उनके परिवारों को सम्मानित किया गया। इस दौरान हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फिल्म, टेलीविजन और थिएटर अभिनेता राजेंद्र गुप्ता इस हरियाणवी फिल्म में मुख्य किरदार में नजर आएंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वर्तमान दौर में ज्यादातर फिल्में और नाटक मनोरंजन को ध्यान में रखकर बनाए जाते हैं, जबकि मानवता, समाज, परिवेश और देश के जवानों से जुड़े विषयों पर अपेक्षाकृत कम फिल्में देखने को मिलती हैं।

राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि 1960 और 70 के दशक में देशभक्ति से जुड़ी अनेक फिल्में बनाई जाती थीं और उस दौर के कलाकार भी इस तरह के विषयों को प्रमुखता देते थे। कलाकारों और सिनेमा का समाज के प्रति भी योगदान होना चाहिए। उन्होंने फिल्म के लेखक एवं निर्देशक रोहित कौशिक का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें इस फिल्म में मुख्य भूमिका के योग्य समझा। उन्होंने हरियाणा के लोगों से फिल्म को देखने की अपील भी की।
फिल्म के लेखक एवं निर्देशक रोहित कौशिक ने बताया कि ‘जो लेख लिखे राम ने’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि सैनिक परिवारों की भावनाओं को पर्दे पर उतारने का प्रयास है। जब किसी परिवार का बेटा देश की सीमा पर जाता है तो उसके पीछे परिवार का त्याग, इंतजार, दर्द और हौसला भी जुड़ा होता है। फिल्म इसी भावनात्मक पहलू को दर्शकों के सामने लाने का प्रयास करती है।
रोहित कौशिक के अनुसार फिल्म भारतीय सैनिकों और उनके परिवारों को समर्पित है। इसमें सैनिकों के साहस, राष्ट्रभावना और उनके परिवारों के जज्बे से जुड़े भावनात्मक पहलुओं को दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि फिल्म किसी धर्म या वर्ग विशेष पर केंद्रित नहीं है, बल्कि देश, सैनिक और उसके परिवार के बीच के रिश्ते को कहानी के माध्यम से सामने लाती है।
पूर्व शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि फिल्म में देशभक्ति के साथ देश की सीमा पर बलिदान देने वाले जवानों के परिवारों की भावनाओं और परिस्थितियों को दिखाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने हरियाणा के लोगों से परिवार के साथ इस फिल्म को देखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। शहीद जवानों के परिजनों ने भी फिल्म के निर्माण को एक अच्छा प्रयास बताते हुए कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों पर फिल्म बनाकर उनकी भावनाओं को समाज तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।
फिल्म में वरिष्ठ अभिनेता राजेंद्र गुप्ता के साथ संगीता जांगड़ा, साक्षी ओलियान, आरजू, डॉ. सुहासिनी और जितेंद्र सहित अन्य कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी को हरियाणा की मिट्टी, ग्रामीण परिवेश और सैनिक परिवारों की भावनाओं से जोड़ा गया है।
आयोजकों के अनुसार प्रयास है कि फिल्म की कहानी उन परिवारों तक भी पहुंचे, जिनका कोई सदस्य सेना में रहकर देश की सेवा कर रहा है। फिल्म के माध्यम से सैनिक के शौर्य के साथ उसके परिवार के संघर्ष, त्याग और भावनाओं को भी दर्शकों के सामने रखने का प्रयास किया गया है।
Editor: शिवानी राजपूत



