Yamunanagar News | नशे के खिलाफ विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान : तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश | मेडिकल स्टोरों की होगी जांच

उपमंडल में नशे की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में शिक्षा, पुलिस, पंचायती राज, स्वास्थ्य और नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ नशा रोकने के लिए विभागवार कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि नशे की समस्या का समाधान केवल प्रशासनिक कार्रवाई से संभव नहीं है। इसके लिए जनसहयोग के साथ सभी विभागों को आपसी तालमेल बनाकर व्यापक अभियान चलाना होगा। नशे की तस्करी रोकने के साथ इसकी चपेट में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ने पर भी ध्यान दिया जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूलों और कॉलेजों में एनसीसी, एनएसएस, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए नियमित कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया।
पुलिस विभाग को नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ नशे के आदी लोगों की पहचान कर उन्हें उपचार और डी-एडिक्शन सेवाओं से जोड़ने के लिए दूसरे विभागों के साथ समन्वय बनाने को कहा गया।
एसडीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में भांग जैसे नशीले पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले पौधों की पहचान कर नियमानुसार नष्ट करवाने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग को नशे से प्रभावित लोगों के लिए नियमित डी-एडिक्शन और स्वास्थ्य जागरूकता कैंप लगाने को कहा गया। मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच के दौरान लाइसेंस, दवाइयों के रिकॉर्ड और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेडिकल स्टोरों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच भी सुनिश्चित करने को कहा गया। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पंचायती राज विभाग को सरपंचों, पंचों और अन्य जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गांवों में नशा विरोधी अभियान चलाने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने के प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका अधिकारियों को खेल मैदानों, पार्कों और अन्य संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया। एसडीएम ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों का नशे के सेवन या बिक्री के लिए दुरुपयोग न हो, इसके लिए नियमित जांच जरूरी है।
बैठक में ड्रग सप्लायरों के खिलाफ कार्रवाई, नशे के आदी लोगों के उपचार एवं पुनर्वास, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता, मेडिकल स्टोरों की जांच और गांवों व शहरी क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में थाना प्रभारी साढौरा लखविंदर, नायब तहसीलदार साढौरा कुलदीप सिंह, बीडीपीओ साढौरा नेहा शर्मा, बीडीपीओ व्यासपुर शबनम रहलान, ग्राम सचिव बृजेश, राजकीय महाविद्यालय अहड़वाला से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नंदिनी व अनीता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



