Yamunanagar News | नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा : 114 मामले दर्ज, 212 तस्कर काबू | अफीम-चरस और हेरोइन बरामद

जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक जनवरी 2026 से अब तक मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 114 मामले दर्ज कर 212 नशा तस्करों को काबू किया है। इस दौरान अफीम, चरस, हेरोइन, गांजा, चूरा पोस्त सहित बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि नशा समाज के लिए गंभीर सामाजिक बुराई है। इसे समाप्त करने के लिए पुलिस कार्रवाई के साथ आमजन का सहयोग भी जरूरी है। जिला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए सेमिनार, गोष्ठियां और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित कर रही है।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार एक जनवरी 2026 से अब तक 14 किलो 60 ग्राम अफीम, 10 किलो 718 ग्राम चरस, 6 किलो 908 ग्राम हेरोइन, 814 ग्राम चूरा पोस्त और 35 किलो गांजा बरामद किया गया है। इसके अलावा 10 हजार नशीली गोलियां और 19 हजार नशीले कैप्सूल भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध और नशे के बीच कई मामलों में संबंध देखने को मिलता है। अपराध मुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशे की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से नशा तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
नशे के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के लिए जिला पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल को भी मजबूत किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने आसपास नशे की बिक्री या तस्करी से जुड़ी गतिविधि दिखाई देने पर उसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।
पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि आसपास कोई व्यक्ति नशे की चपेट में है तो उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए और जरूरत पड़ने पर संबंधित सहायता ली जाए।
जिला पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इसके साथ ही लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के नुकसान के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा।
Editor: शिवानी राजपूत



