युवा ग्राम सभा में समझी लोकतंत्र की प्रक्रिया : ताजपुर स्कूल में खंड स्तरीय प्रतियोगिता | छात्रों ने निभाईं जनप्रतिनिधियों की भूमिका

एससीईआरटी गुरुग्राम एवं डाइट महेंद्रगढ़ के दिशा-निर्देशों पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ताजपुर में बुधवार को खंड स्तरीय ‘युवा ग्राम सभा प्रतियोगिता 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य सतवीर सिंह ने की। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पंचायती राज व्यवस्था, लोकतांत्रिक मूल्यों और ग्राम सभा की कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ग्राम सभा की कार्यवाही का सजीव प्रदर्शन किया। छात्रों ने सरपंच, सचिव, पुलिस अधिकारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की भूमिका निभाकर यह समझाने का प्रयास किया कि गांव के विकास से जुड़े विषयों पर ग्राम सभा में किस प्रकार चर्चा और निर्णय लिए जाते हैं।
प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और नशा मुक्ति जैसे जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए। अलग-अलग भूमिकाओं के माध्यम से समस्याओं को ग्राम सभा के सामने रखा गया और उनके समाधान को लेकर विचार-विमर्श प्रस्तुत किया गया। इससे विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनभागीदारी और स्थानीय स्वशासन की भूमिका को समझने का अवसर मिला।
सरपंच की भूमिका में निधि, सचिव की भूमिका में अंजलि और पुलिस अधिकारी की भूमिका में मीनू ने प्रस्तुति दी। उनके प्रदर्शन को निर्णायक मंडल और कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विशेष रूप से सराहा। विद्यार्थियों ने अपनी भूमिकाओं के माध्यम से ग्राम स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों को प्रदर्शित किया।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में डाइट महेंद्रगढ़ से डॉ. किरण यादव, डॉ. विधि यादव और राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता नगेंद्र कुमार शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति, विषय की समझ और ग्राम सभा की कार्यप्रणाली के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
शिक्षाविद् डॉ. सी.एस. वर्मा कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि ग्राम सभा लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण इकाई है और गांव के विकास में स्थानीय लोगों की भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर देती हैं।
कार्यक्रम का संचालन कोऑर्डिनेटर आरएसओ राजेश यादव तथा सह-कोऑर्डिनेटर प्रियंका गोयल और प्रदीप यादव ने किया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी समझ और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया।
विद्यालय प्राचार्य सतवीर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों और पंचायती राज व्यवस्था की जानकारी देना जरूरी है। युवा ग्राम सभा जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी की भावना और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित होती है।
समापन पर प्रवक्ता कविंद्र सचदेवा ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, निर्णायक मंडल और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में माया यादव, कुसुम, मीनाक्षी, मंजीत और गायत्री सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सहयोग किया।
Editor: शिवानी राजपूत



