Mahendragarh News | 13 सितंबर को लगेगा अंत्योदय उत्थान मेला : 4 हजार से अधिक लाभार्थी होंगे शामिल | योजनाओं का मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान योजना के तहत 13 सितंबर को राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ के ऑडिटोरियम में अंत्योदय मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार मेले में चार हजार से अधिक लाभार्थियों को शामिल किया जाएगा और उन्हें विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को मिशन डायरेक्टर कार्यालय की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले के अधिकारियों के साथ आयोजन और लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक के बाद अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पांवरिया ने बताया कि जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान योजना के तहत मेलों का आयोजन किया जा रहा है। नारनौल विधानसभा क्षेत्र के लिए मेला पहले आयोजित किया जा चुका है और अब महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए 13 सितंबर को मेला लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले की शेष दोनों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले मेलों की तारीख बाद में जारी की जाएगी। प्रशासन की ओर से महेंद्रगढ़ में होने वाले मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
एडीसी ने बताया कि मेले से पहले लाभार्थियों की फोन के माध्यम से काउंसलिंग भी की जाएगी। इसका उद्देश्य उन्हें संबंधित सरकारी योजनाओं और उनके लाभ के बारे में जानकारी देना है, ताकि पात्र व्यक्ति अपनी जरूरत के अनुसार योजना का चयन कर सकें।
जिला प्रशासन की ओर से लाभार्थियों तक सही जानकारी पहुंचाने और मेले में विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। मेले में अलग-अलग विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों को दी जाएगी।
बैठक के दौरान महेंद्रगढ़ के एसडीएम योगेश सैनी और जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



