Mahendragarh News | कॉलेज में हुआ खेलो इंडिया संवाद : युवाओं ने सुना पीएम का संबोधन | खेल-फिटनेस के लिए किया प्रेरित

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (माई भारत), महेंद्रगढ़ और राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रमुख डॉ. राकेश कुमार मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य बलजीत सिंह ने की। विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, मेरा युवा भारत स्वयंसेवकों और स्थानीय युवाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। युवाओं ने खेल, युवा विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रधानमंत्री के विचार सुने। इस दौरान युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला प्रमुख डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि युवा प्रधानमंत्री के खेल युक्त और नशा मुक्त भारत के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मेरा युवा भारत पोर्टल युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार और सुझाव साझा करने के साथ विभिन्न गतिविधियों से जुड़ने का मंच उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने युवाओं से मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर सक्रिय भागीदारी करने और VBYLD क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनने के बजाय राष्ट्र निर्माण और नीति निर्माण की प्रक्रिया में भी सक्रिय भागीदार बनना चाहिए।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण आइडिया बॉक्स रहा। इसके माध्यम से युवाओं ने खेल, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अपने विचार और सुझाव साझा किए। युवाओं को माई भारत पोर्टल की सुझाव पेटिका के माध्यम से भी अपने सुझाव देने के लिए प्रेरित किया गया।
खेलो इंडिया संवाद के दौरान युवाओं को स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं से बातचीत करने का अवसर मिला। युवाओं ने खिलाड़ियों से उनके खेल जीवन, संघर्ष, अनुभव और उपलब्धियों के बारे में सवाल किए। खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए अनुशासन, समर्पण और लगातार मेहनत के साथ खेलों में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वर्ष 2036 के ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए खेल प्रतिभाओं को तैयार करने, खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और फिटनेस को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार और अभिषेक कुमार ने कार्यक्रम के समन्वय एवं व्यवस्थाओं में सहयोग किया। डॉ. परमीत कुमारी ने भी आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। मंच संचालन हरीश शर्मा और स्नेह ने किया। मेरा युवा भारत स्वयंसेवक बृजेश और काजल ने भी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और युवाओं की सहभागिता में सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने अतिथियों, विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों और मेरा युवा भारत स्वयंसेवकों का आभार जताया।
Editor: शिवानी राजपूत



