जनता की सेवा सर्वोपरि : 10 परिवादों की सुनवाई | विजिलेंस करेगी जांच | समस्याओं के समाधान के निर्देश

हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता के सेवक हैं तथा आमजन की समस्याओं का निश्चित समय सीमा में समाधान करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनका पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
विपुल गोयल सोमवार को स्थानीय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पहले से निर्धारित 10 परिवादों की गहनता से सुनवाई की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों से मामलों की प्रगति और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों को शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
बैठक में मालड़ा सराय और मालड़ा बास में जलभराव की समस्या का मामला सामने आया। मंत्री ने सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता को मौके पर जाकर तकनीकी व्यवहार्यता की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समस्या के स्थायी और प्रभावी समाधान की दिशा में कार्रवाई करे।

हुड्डा सेक्टर-1 नारनौल में पार्कों की मरम्मत और बेसहारा पशुओं की समस्या को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय निवासियों को इन समस्याओं से राहत मिल सके।
कनीना की पीपला वाली बणी में दूषित पानी की समस्या के संबंध में अधिकारियों ने समिति को बताया कि गांव में सात एकड़ क्षेत्र में तालाब का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार तालाब का निर्माण होने के बाद दूषित पानी की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है। मंत्री ने संबंधित विभाग को कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

डोहर कलां सहित कई गांवों में शेड और बोर्ड निर्माण में कथित अनियमितताओं का मामला भी बैठक में रखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विपुल गोयल ने प्रकरण को जांच के लिए सतर्कता विभाग (विजिलेंस) को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाए।
बनिहाड़ी गांव के बांध पर युवक की संदिग्ध मौत के मामले में उप पुलिस अधीक्षक भारत भूषण ने बैठक में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विसरा जांच के लिए न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला मधुबन भेजा गया है। वहां से रिपोर्ट और चिकित्सकों की अंतिम राय मिलने के बाद मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नलापुर चौक से छिप्पी जोहड़ तक नाले पर हुए अतिक्रमण की शिकायत पर मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर समस्या का पूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए और लोगों को समस्या से राहत दिलाई जाए।
विपुल गोयल ने कहा कि जन परिवेदना समिति की बैठक का उद्देश्य केवल शिकायतों की सुनवाई करना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक समाधान सुनिश्चित करना है। जिन मामलों में मौके पर कार्रवाई की आवश्यकता है, वहां अधिकारी स्वयं निरीक्षण करें और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की प्रगति से अवगत कराएं।
बैठक के दौरान उपायुक्त अनुपमा अंजली और पुलिस अधीक्षक दीपक ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल का बुके देकर स्वागत किया। बैठक के बाद मंत्री ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव, नांगल चौधरी की विधायक मंजू चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र राव, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Editor: गरिमा बागोतिया



