कैंपर में डालकर युवक से मारपीट : 24 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार | ₹2 हजार-मोबाइल छीनने का आरोप | कैंपर और 3 लाठियां बरामद

थाना सिटी नारनौल पुलिस ने युवक को रास्ते में रोककर कैंपर में जबरन बैठाने, मारपीट करने तथा 2 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीनने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कैंपर वाहन और तीन लाठियां भी बरामद की गई हैं।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि नांगतिहाड़ी निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 अगस्त को वह अपने खेत से घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सुल्तान एकेडमी के पास एक कैंपर वाहन ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि वाहन से मोनू और गौरा नीचे उतरे और डंडों व लाठियों से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपियों ने मारपीट करते हुए उसे जबरन कैंपर में बैठा लिया। इस दौरान दिलबाग कैंपर चला रहा था। आरोपी उसे कैंपर में नसीबपुर बस अड्डे की तरफ ले गए, जहां अन्य आरोपियों ने भी उसके साथ मारपीट की।
गौरव ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी जेब से 2 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी ले लिया गया। इसके बाद आरोपी उसे नसीबपुर बस स्टैंड के पास छोड़कर चले गए। राहगीरों ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दी। मारपीट में गौरव के हाथ-पैर में चोटें आईं और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में रेफर किए जाने पर उसका उपचार जयपुर में कराया गया।
पुलिस को 18 अगस्त को शिकायत मिलने के बाद थाना सिटी नारनौल में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 अगस्त को नांगतिहाड़ी निवासी दिलबाग, नसीबपुर निवासी मोनू और गांव जैलाफ निवासी गौरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक कैंपर वाहन और तीन लाठियां बरामद की गईं। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच और उनकी तलाश जारी है।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने कहा कि लड़ाई-झगड़े और मारपीट की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Editor: State Desk



