खेलो इंडिया संवाद में जुटेंगे युवा : 27 अगस्त को आयोजन | पीएम करेंगे वर्चुअल संवाद

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवाओं को खेल, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से महेंद्रगढ़ जिले में 27 अगस्त को “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मेरा युवा भारत (माई भारत), महेंद्रगढ़ और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में जिले के दो प्रमुख शिक्षण संस्थानों हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, जाट पाली और राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में कार्यक्रम होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं से जुड़कर संवाद करेंगे। विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के जरिए बड़ी संख्या में युवा प्रधानमंत्री के संबोधन से जुड़ेंगे।
खेलो इंडिया संवाद के दौरान युवाओं को स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं के साथ सीधे संवाद करने का अवसर भी मिलेगा। खिलाड़ी अपने अनुभव साझा करेंगे और युवाओं को खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ देश में पिछले वर्षों के दौरान विकसित हुए खेल पारिस्थितिकी तंत्र और खेल अधोसंरचना से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव ने एनएसएस कोऑर्डिनेटरों के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा। नित्यानंद यादव ने बताया कि खेलो इंडिया संवाद का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को खेलों के साथ युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि युवा संवाद में खेल पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत बनाने से संबंधित विचार लिए जाएंगे। इसके अलावा वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए खेल प्रतिभाओं को तैयार करने, युवा नेतृत्व को प्रोत्साहित करने, शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को सशक्त बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। कार्यक्रम में शामिल युवा इन विषयों पर अपने विचार, सुझाव और आकांक्षाएं साझा कर सकेंगे।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि युवाओं के सुझावों को अधिक व्यापक स्तर पर सामने लाने के लिए डिजिटल माध्यम का भी उपयोग किया जा रहा है। युवा मेरा युवा भारत पोर्टल पर उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से अपने विचार और सुझाव ऑनलाइन साझा कर सकते हैं। इन सुझावों को कार्यक्रम के उद्देश्यों से जोड़कर युवाओं की सहभागिता को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को वीबीवाईएलडी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों, एनएसएस स्वयंसेवकों और स्थानीय युवाओं की कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी रहेगी। इसके माध्यम से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों और गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
नित्यानंद यादव ने जिले के युवाओं से खेलो इंडिया संवाद में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के खेल क्षेत्र को मजबूत करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं के विचार और सक्रिय सहभागिता खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ विकसित भारत के निर्माण में भी उपयोगी साबित होगी।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार की देखरेख में होगा, जबकि राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ में नोडल अधिकारी जितेंद्र और अभिषेक व्यवस्थाएं संभालेंगे। दोनों शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम की तैयारियों के साथ युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
Editor: गरिमा बागोतिया



