Narnaul News | विद्यार्थियों को सिखाए स्मार्ट निवेश के गुर : बचत और वित्तीय योजना पर जोर | निवेश के जोखिम समझाए

राजकीय महाविद्यालय कृष्ण नगर के प्लेसमेंट सेल की ओर से विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्मार्ट निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बचत की आदत, सुरक्षित एवं सोच-समझकर निवेश करने, व्यक्तिगत वित्तीय नियोजन और निवेश से जुड़े जोखिमों के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता चार्टर्ड अकाउंटेंट विकास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक युवा के लिए वित्तीय साक्षरता जरूरी है। पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को अपने पैसे का सही प्रबंधन करना भी सीखना चाहिए। इसके लिए आय, खर्च, बचत और निवेश के बीच संतुलन बनाना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार और अन्य वित्तीय साधनों के बारे में जानकारी दी। साथ ही इनके संभावित लाभ और जोखिमों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने कहा कि केवल अधिक लाभ के लालच में किसी भी योजना में पैसा निवेश नहीं करना चाहिए। निवेश से पहले योजना की पूरी जानकारी लेना और उससे जुड़े जोखिम को समझना जरूरी है।
विकास ने कहा कि निवेश का निर्णय व्यक्ति की आर्थिक क्षमता और उसके वित्तीय लक्ष्यों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। बिना पूरी जानकारी के जल्दबाजी में लिया गया निवेश संबंधी फैसला नुकसान का कारण बन सकता है। इसलिए युवाओं को किसी भी वित्तीय योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी सही तरीके से जांच करनी चाहिए।
कार्यक्रम में दीर्घकालीन वित्तीय नियोजन के महत्व पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि कम उम्र से नियमित बचत और अनुशासित निवेश की आदत भविष्य में आर्थिक मजबूती प्रदान कर सकती है। निवेश का उद्देश्य केवल तत्काल लाभ हासिल करना नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों के लिए मजबूत वित्तीय आधार तैयार करना भी होना चाहिए।
विद्यार्थियों ने व्यक्तिगत वित्त, बचत, म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार, निवेश के जोखिम और दीर्घकालीन निवेश से जुड़े कई सवाल भी पूछे। विशेषज्ञ वक्ता ने उनके सवालों का सरल और व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया। विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि वे स्मार्ट निवेशक बनें और पूरी जानकारी के बाद ही निवेश संबंधी निर्णय लें।
महाविद्यालय के प्राचार्य अजीत सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ वित्तीय साक्षरता भी जरूरी है। भविष्य में नौकरी, व्यवसाय या अन्य क्षेत्रों में काम करते समय युवाओं को कई तरह के वित्तीय फैसले लेने होते हैं। ऐसे में बचत, निवेश, जोखिम प्रबंधन और वित्तीय अनुशासन की जानकारी उनके लिए उपयोगी साबित होगी।
प्राचार्य ने प्लेसमेंट सेल की पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को वित्तीय मामलों में सतर्क और जिम्मेदार रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक जीवन के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में डीडीएम आशीष तोमर और पीएनबी बैंक के सेवानिवृत्त प्रबंधक बद्री प्रसाद पूनिया भी मौजूद रहे। ट्रेनिंग टीम के अन्य सदस्यों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन चंद्रपाल यादव ने किया।
इस अवसर पर प्लेसमेंट सेल प्रभारी सोमदत्त, सुखविंदर, अनुराग, डॉ. सुषमा, बबीता, सुभाष, निर्मला सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



