मीडिया तंत्र मजबूत करने पर मंथन : सोशल मीडिया से बेहतर समन्वय | नई तकनीक अपनाने पर जोर | जनता तक पहुंचें नीतियां

भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के मीडिया विभाग की राज्यस्तरीय समीक्षा एवं रणनीति बैठक सोमवार को पानीपत स्थित भाजपा जिला कार्यालय ‘श्याम कमल’ में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने की। इस दौरान पार्टी के मीडिया एवं संचार तंत्र को अधिक प्रभावी, आधुनिक और जनोन्मुखी बनाने के साथ बदलते डिजिटल दौर में संगठन की नीतियों और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मीडिया विभाग के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सूचना का प्रवाह काफी तेज हो गया है। समाचार और सूचनाएं विभिन्न डिजिटल माध्यमों के जरिए तेजी से लोगों तक पहुंच रही हैं। ऐसे में पार्टी के मीडिया तंत्र को भी समय के अनुरूप अपनी कार्यशैली में बदलाव करते हुए आधुनिक संचार माध्यमों और नई तकनीक का बेहतर उपयोग करना होगा।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक मीडिया और सोशल मीडिया को अलग-अलग माध्यम के रूप में देखने के बजाय दोनों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की आवश्यकता है। दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं और इनके प्रभावी समन्वय से पार्टी की नीतियों, विचारों और सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकती है।
डॉ. गुप्ता ने मीडिया विभाग से जुड़े कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक होने वाले प्रमुख घटनाक्रम, जनहित से जुड़े मुद्दे और राजनीतिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जानी चाहिए। किसी भी विषय पर पार्टी का पक्ष समयबद्ध तरीके से और तथ्यों के आधार पर जनता के सामने रखा जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का स्वरूप लगातार बदल रहा है। इसलिए मीडिया विभाग के पदाधिकारियों को भी नई तकनीक और डिजिटल माध्यमों की जानकारी रखते हुए अपनी कार्यशैली को लगातार अपडेट करना चाहिए। सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ तथ्यात्मक जानकारी जनता तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
बैठक में भाजपा हरियाणा के मीडिया विभाग द्वारा अब तक किए गए कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रदेश मीडिया संयोजक भूपेश्वर दयाल ने विभाग की ओर से चलाए गए विभिन्न अभियानों, आयोजित प्रेस वार्ताओं और मीडिया कवरेज का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इसके आधार पर आगामी दिनों की मीडिया रणनीति और कार्ययोजना को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बदलते डिजिटल परिदृश्य के अनुरूप पार्टी की संचार व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। मीडिया प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाने के साथ प्रदेश और जिला स्तर के मीडिया पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मीडिया विभाग के अब तक के कार्यों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मीडिया गतिविधियां प्रभावी और परिणामोन्मुखी हों तथा जनता तक सही समय पर पार्टी का पक्ष पहुंचे, इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर लगातार सक्रियता जरूरी है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी शमशेर खरक और मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा सहित प्रदेशभर से आए प्रदेश प्रवक्ता, पैनलिस्ट, जिला मीडिया प्रभारी एवं जिला मीडिया सह-प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा, पार्टी की नीतियों तथा सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए आधुनिक तकनीक और विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया।
Editor: न्यूज़ डेस्क



