नई भाजपा टीम से मिले पीएम मोदी : नई कार्यकारिणी संग पहली बैठक | संगठन मजबूत करने पर जोर | युवाओं से जुड़ाव पर फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार शाम दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से मुलाकात की। नई टीम के गठन के बाद प्रधानमंत्री की पदाधिकारियों के साथ यह पहली बैठक रही। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री का अभिवादन किया और पीएम मोदी ने नई टीम के पदाधिकारियों से मुलाकात की।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पार्टी के साथियों के साथ बैठक अच्छी रही और इस तरह की बैठकें पार्टी को मजबूत करने तथा जनता के साथ जुड़ाव को लेकर गहन विचार-विमर्श का मंच प्रदान करती हैं।

नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा 17 अगस्त को की गई थी। 65 सदस्यीय टीम में संगठन स्तर पर बड़े बदलाव किए गए हैं। इसमें 14 पुराने चेहरों को दोबारा जिम्मेदारी दी गई है, जबकि 51 नए चेहरों को जगह मिली है। इस तरह नई टीम में करीब 78.5 प्रतिशत सदस्य नए हैं। अनुभवी नेताओं और नए चेहरों के समन्वय के साथ संगठन को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई गई है।
नई टीम में राम माधव को उपाध्यक्ष और स्मृति ईरानी को महासचिव की जिम्मेदारी देकर संगठन में वापस लाया गया है। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नई टीम के सभी पदाधिकारियों से मुलाकात की। सामने आई तस्वीरों में प्रधानमंत्री के हाथ में एक पेपर भी दिखाई दिया।

इससे पहले शनिवार सुबह भाजपा की नई टीम के पदाधिकारियों की राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ भी बैठक हुई थी। इसमें संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इसके बाद शाम को प्रधानमंत्री मोदी नई टीम से मिलने भाजपा मुख्यालय पहुंचे।
बैठक में युवाओं, विशेष रूप से जेन-जी तक पार्टी की पहुंच और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना जताई गई। युवाओं तक पार्टी और सरकार की बात पहुंचाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका लगातार बढ़ रही है।
इसी बीच केंद्र सरकार की ओर से कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से सीधे संवाद बढ़ाने के लिए यूनिवर्सिटी आउटरीच कार्यक्रम की तैयारी की जानकारी भी सामने आई है। इसके तहत केंद्रीय मंत्रियों के अलग-अलग विश्वविद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करने, उनके सवाल सुनने और विभिन्न मुद्दों पर उनकी राय जानने की योजना बताई गई है।
इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं तक पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। नई भाजपा टीम में बड़ी संख्या में नए चेहरों को शामिल किए जाने को भी संगठन में बदलाव और नई पीढ़ी तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के साथ पहली बैठक के बाद अब पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और नई टीम को मिलने वाली जिम्मेदारियों पर नजर रहेगी। भाजपा नेतृत्व का जोर संगठन को मजबूत करने के साथ जनता और विशेष रूप से युवा वर्ग के साथ संवाद बढ़ाने पर है।
Editor: State Desk



