Faridabad News | पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की : शव जमीन में दबाने का आरोप | 24 घंटे में दोनों गिरफ्तार

तिगांव थाना क्षेत्र के गांव मोजाबाद में 42 वर्षीय श्यामवीर की हत्या के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने उसकी पत्नी केशव और एक अन्य आरोपी कामत को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर श्यामवीर की हत्या की और बाद में शव को घर के पास गड्ढे में दबा दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का दावा किया है।
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव निवासी जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश और कामत निवासी जिला महोबा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। केशव मृतक श्यामवीर की पत्नी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी कामत गांव मोजाबाद में श्यामवीर के मकान में ही रहता था। जांच में पुलिस को केशव और कामत के बीच संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि श्यामवीर को इसकी जानकारी हो गई थी और इसी बात को लेकर घर में विवाद होता था।
पुलिस पूछताछ के आधार पर आरोप है कि केशव और कामत ने श्यामवीर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 16 अगस्त की शाम कामत ने श्यामवीर को शराब पिलाई। इसके बाद उस पर इंटरलॉकिंग टाइल से हमला कर उसकी हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक इस दौरान केशव ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया था।
पुलिस का आरोप है कि वारदात के बाद दोनों ने मिलकर श्यामवीर के शव को घर के पास एक गड्ढे में दबा दिया और उसके ऊपर मिट्टी डाल दी।
मामला 24 अगस्त को सामने आया, जब फरीदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम को जमीन में एक व्यक्ति का शव दबे होने की सूचना मिली। सूचना के बाद तिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को जमीन से बाहर निकलवाया गया।
इसके बाद मृतक के भाई रामबीर निवासी गांव धाधउ, जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश की शिकायत पर हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अपराध शाखा डीएलएफ ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Editor: शिवानी राजपूत



