होटल संचालक पर फायरिंग में एक और गिरफ्तार : कैश काउंटर पर हुआ था विवाद | गोली चलाने के लिए उकसाने का आरोप

थाना कोतवाली क्षेत्र में फरवरी 2025 में एक भोजनालय संचालक पर फायरिंग के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गांव जैत, मथुरा निवासी एवं वर्तमान में नंगला एन्क्लेव पार्ट-2, फरीदाबाद में रहने वाले सुभाष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एनआईटी फरीदाबाद निवासी राकेश भाटिया ने थाना कोतवाली में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता द मॉल ऑफ फरीदाबाद के सामने भोजनालय चलाता है। आरोप है कि 6 फरवरी 2025 की सुबह करीब 6 बजे काले रंग की स्कॉर्पियो में चार युवक उसके भोजनालय पर पहुंचे थे।
शिकायत के अनुसार गाड़ी से उतरे एक युवक ने भोजनालय से सामान लिया और पेटीएम के माध्यम से उसका भुगतान किया। इसके बाद गाड़ी में सवार दो अन्य युवक कैश काउंटर के पास पहुंचे। यहां पैसों को लेकर भोजनालय संचालक और युवकों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज भी हुई।
इसी दौरान एक युवक ने पिस्तौल निकालकर भोजनालय संचालक पर गोली चला दी। फायरिंग की वारदात के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की थी।
मामले की जांच अपराध शाखा सेक्टर-30 द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुभाष कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उससे वारदात और इसमें शामिल अन्य आरोपितों के संबंध में पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वारदात के समय सुभाष कुमार भी मौके पर मौजूद था। वह रंकित के साथ भोजनालय के कैश काउंटर पर पहुंचा था, जहां होटल संचालक के साथ उनकी बहस हुई थी।
पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद के दौरान सुभाष कुमार ने रंकित को गोली चलाने के लिए कहा था। इसके बाद फायरिंग की गई और घटना में शामिल सभी लोग मौके से फरार हो गए थे। मामले में आरोपितों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच करती रही।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में रंकित और लव को अपराध शाखा की टीम पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब सुभाष कुमार की गिरफ्तारी के साथ मामले में एक और आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आया है।
पुलिस द्वारा सुभाष कुमार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य तथ्यों और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
Editor: गरिमा बागोतिया



