जमीन सौदे में 54.70 लाख की धोखाधड़ी : फर्जी दस्तावेज बनाए | बलिया से आरोपी गिरफ्तार | अन्य की तलाश

जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में आर्थिक अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गांव कपूरी निवासी और वर्तमान में फरीदाबाद के सेक्टर-77 स्थित जलवायु विहार में रहने वाले रमेश पांडे के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 20 अगस्त को बलिया से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मामले में शिकायतकर्ता हर्ष त्यागी निवासी घरौडा, फरीदाबाद ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर रिवाजपुर में 2610 वर्ग गज जमीन खरीदने का सौदा किया था। जमीन की कीमत करीब 1.62 करोड़ रुपये तय की गई और सौदे के तहत आरोपी पक्ष को करीब 40 लाख रुपये बतौर ब्याना दिए गए।
शिकायतकर्ता ने बाद में जमीन के दस्तावेज और मालिकाना हक की जांच कराई। आरोप है कि जांच के दौरान पता चला कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, वह जमीन सौदा करने वाले आरोपियों के नाम पर थी ही नहीं। इसके बाद शिकायतकर्ता ने इस संबंध में आरोपियों से जवाब मांगा।
पुलिस के मुताबिक पहली जमीन की वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता को दूसरी जमीन दिलाने का भरोसा दिया। इस बार 1452 वर्ग गज जमीन का सौदा करीब 1.17 करोड़ रुपये में तय किया गया। शिकायतकर्ता ने इस जमीन के संबंध में भी 14 लाख 70 हजार रुपये आरोपियों को दिए। इस तरह दोनों सौदों में शिकायतकर्ता से कुल करीब 54 लाख 70 हजार रुपये बतौर ब्याना लिए जाने का आरोप है।
दूसरी जमीन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराए जाने पर भी कथित धोखाधड़ी सामने आई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर थाना सेंट्रल में धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच आर्थिक अपराध शाखा सेंट्रल को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस के सामने जमीन के दस्तावेजों से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जमीन मालिक उदयवीर सिंह चौहान के नाम से कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उन पर उनके फर्जी हस्ताक्षर किए। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर शिकायतकर्ता के नाम एग्रीमेंट तैयार करवाने का आरोप है।
आर्थिक अपराध शाखा सेंट्रल ने जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपी रमेश पांडे की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे उसके मूल स्थान बलिया, उत्तर प्रदेश से 20 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपी से जमीन के दोनों सौदों, दस्तावेज तैयार करने और रकम के लेन-देन को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस मामले में यह भी पता लगा रही है कि कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने में कौन-कौन शामिल था और जमीन के नाम पर ली गई रकम किसके पास गई। इसके साथ ही प्रकरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।
Editor: गरिमा बागोतिया



