दुष्कर्म केस की धमकी देकर 50 लाख मांगे : बाप-बेटा गिरफ्तार | 80 हजार ट्रांसफर करवाने का आरोप

दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपये ऐंठने के प्रयास के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव कॉलोनी निवासी हरकेश और उसके बेटे करण के रूप में हुई है। दोनों पर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट करने, जबरदस्ती अपने साथ ले जाने, रुपये ट्रांसफर करवाने और चेकों पर हस्ताक्षर करवाने के आरोप हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार नाहर सिंह कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी रोहित उपाध्याय ने थाना कोतवाली में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले उसकी पड़ोस में रहने वाले ऑटो चालक हरकेश से दोस्ती हुई थी। उसने हरकेश की बेटी अंजू को एक कंपनी में नौकरी पर लगवाया था। इसी दौरान शिकायतकर्ता और अंजू के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
शिकायत के अनुसार 5 जुलाई 2026 को जन्मदिन के अवसर पर शिकायतकर्ता अंजू के साथ एक होटल गया था। आरोप है कि करीब एक घंटे बाद अंजू का भाई करण अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और हंगामा करते हुए शिकायतकर्ता को जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर शिव हरिजन कॉलोनी स्थित अपने घर ले गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन से 80 हजार रुपये अंजू के फोन में ट्रांसफर करवाने का भी आरोप लगाया गया है।
इसके बाद करण और उसका एक साथी शिकायतकर्ता को उसके घर लेकर गए और वहां से उसकी चेकबुक लेकर वापस आए। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने उससे 50 लाख रुपये का एक चेक भरवाकर हस्ताक्षर करवाए। इसके अलावा पांच खाली चेकों पर भी कथित तौर पर हस्ताक्षर करवाए गए।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उस पर 50 लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया और रकम नहीं देने पर उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी दी गई। इसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा और थाना कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि हरकेश को घटनाक्रम की जानकारी मिलने के बाद उसने अपने बेटे करण और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर शिकायतकर्ता से रुपये ऐंठने की कथित योजना बनाई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए हरकेश और करण को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम में शामिल बताए जा रहे अन्य व्यक्ति की भूमिका सहित रुपये के लेन-देन और चेकों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Editor: शिवानी राजपूत



