PNG गैस लीक में तीन गिरफ्तार : दो लोगों की हुई थी मौत | कंपनी पर लापरवाही का आरोप | अन्य आरोपियों की तलाश

मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के मोहल्ला हंस नगर में पीएनजी गैस लीक के बाद हुए ब्लास्ट और दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जांच के बाद आईजीएल का ठेका लेने वाली कंपनी डीएससी ट्रेडर्स के प्रोजेक्ट मैनेजर और सुपरवाइजर सहित सहयोगी कंपनी के आरसीएम को गिरफ्तार किया है। तीनों पर सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार हादसा 5 जुलाई को मोहल्ला हंस नगर में हुआ था। हंस नगर निवासी मधु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि पीएनजी पाइपलाइन की टेस्टिंग के दौरान उनके घर के पास गैस एकत्रित हो गई थी। हादसे से ठीक पहले उनके पति सतबीर ने गैस की दुर्गंध महसूस की थी।
शिकायत के मुताबिक इसी दौरान उनकी बेटी तन्नू ने कपड़े प्रेस करने के लिए बिजली का स्विच ऑन किया तो अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे में सतबीर, तन्नू, पड़ोसी जयभगवान और दो वर्षीय खुशी गंभीर रूप से झुलस गए थे। आग बुझाने के प्रयास में मधु के हाथ भी झुलस गए थे।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान 9 जुलाई को तन्नू की मौत हो गई। इसके दो दिन बाद 11 जुलाई को उसके पिता सतबीर सिंह ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में दो लोगों की मौत के बाद मामला गंभीर हो गया था।
पीड़िता मधु ने हादसे के लिए आईजीएल कंपनी से जुड़े कर्मचारियों की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया था। शिकायत के आधार पर थाना मॉडल टाउन रेवाड़ी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने जांच की जिम्मेदारी थाना सदर रेवाड़ी के प्रबंधक पीएसआई राकेश कुमार को सौंपी। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि हादसा पीएनजी गैस लीक होने के कारण हुआ था। इसके बाद मामले में जिम्मेदारी तय करने की दिशा में जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के आधार पर पुलिस ने आईजीएल का ठेका लेने वाली डीएससी ट्रेडर्स के प्रोजेक्ट मैनेजर राहुल को गिरफ्तार किया। राहुल वार्ड नंबर 8, धारूहेड़ा का रहने वाला है। इसी कंपनी के सुपरवाइजर रंजीत निवासी गांव काठूवास को भी गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा सहयोगी कंपनी रेजोनेंस के आरसीएम संदीप कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। संदीप कुमार गोविंदपुरी, मोदीनगर, जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने तीनों को सुरक्षा मानकों में कथित लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि पाइपलाइन टेस्टिंग और सुरक्षा व्यवस्था के दौरान निर्धारित मानकों का किस स्तर पर पालन नहीं किया गया तथा इसके लिए और कौन जिम्मेदार था।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मामले में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Editor: गरिमा बागोतिया



