दोहरे हत्याकांड में 4 गिरफ्तार : पुरानी रंजिश में वारदात | ब्रेजा कार बरामद

गोकलपुर के पास हुए दोहरे हत्याकांड में थाना सदर रेवाड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार भी बरामद कर ली है। पुलिस जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 21 अगस्त को पुलिस को गांव गोकलपुर के पास तीन युवकों के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो गांव मांढ़िया कलां निवासी जतिन मृत अवस्था में मिला। दो अन्य युवकों को घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान गांव निगांनियावास निवासी हिमेश की भी मौत हो गई, जबकि गांव बुड़ाना निवासी यशपाल को मामूली चोटें आई थीं। इसके बाद थाना सदर पुलिस ने मृतक जतिन के पिता देशराज के बयान पर चार गांवों के नौ नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दोहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके से साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए और थाना सदर की विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने 22 अगस्त को मामले में कथित साजिश में शामिल आरोपी तरुण उर्फ टीका निवासी गांव बुड़ानी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पुलिस की टीमें मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं।

डीएसपी के अनुसार थाना सदर पुलिस ने अब तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के गांव सिलारपुर निवासी मंजीत तथा जड़थल निवासी पवित्र और गौरव उर्फ गुल्लू शामिल हैं। इन गिरफ्तारियों के साथ मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या चार हो गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार भी बरामद की है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल अन्य सामान और हथियारों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोहरे हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के मुताबिक गांव बुड़ाना निवासी यशपाल और उसके साथी कांवड़ यात्रा के लिए पिकअप गाड़ी तैयार कर रहे थे। इसी दौरान बुड़ानी निवासी नीरज के वहां से गुजरने पर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौच हुई थी।
पुलिस के अनुसार इसी विवाद के बाद यशपाल और उसके साथियों पर बुड़ानी के एक युवक के साथ मारपीट कर उसके पैर तोड़ने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने कथित तौर पर योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक जतिन और हिमेश का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। वहीं घायल यशपाल के खिलाफ पहले से मारपीट के सात मामले दर्ज बताए गए हैं।
गिरफ्तार तीन आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी, घटना में अन्य लोगों की भूमिका और फरार सह-आरोपियों के ठिकानों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और शेष आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें कार्रवाई कर रही हैं।
Editor: शिवानी राजपूत



