Home: ग्रेटर नोएडा सामान्य
एक क्लिक पर मिलेगी यमुना प्राधिकरण के सेक्टरों से लेकर संपत्ति की जानकारी, घर बैठे देख सकेंगे लोकेशन

एक क्लिक पर मिलेगी यमुना प्राधिकरण के सेक्टरों से लेकर संपत्ति की जानकारी, घर बैठे देख सकेंगे लोकेशन

ग्रेटर नोएडा | सामान्य | 4/24/2024, 1:19 PM | Ground Zero Official

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की शहर का नक्शा ऑनलाइन करने की तैयारी है। चुनाव के बाद कोई भी व्यक्ति गूगल अर्थ ऐप और प्राधिकरण की वेबसाइट पर यमुना सिटी के विकास को ऑनलाइन देख सकेगा। इसके बाद लोगों को किसी भी विकास परियोजना के अपडेट या फिर प्लॉट की सटीक लोकेशन का पता लगाने के लिए वहां जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इंटरनेट के जरिए गूगल अर्थ पर सटीक जानकारी मिलेगी।

यमुना सिटी में कई बड़ी विकास परियोजनाएं सरपट दौड़ रही हैं। जेवर एयरपोर्ट से सितंबर के अंतिम सप्ताह से उड़ान प्रस्तावित है। वहीं, फिल्म सिटी का चुनाव के बाद शिलान्यास हो सकता है। फिल्म सिटी बनाने वाली कंपनी को इसका आवंटन पत्र सौंपा जा सका है। इसके अलावा कई औद्योगिक सेक्टर विकसित किए जा रहे हैं। हर किसी की नजर इस समय यमुना सिटी के विकास कार्यों पर टिकी है।

प्राधिकरण के स्तर से भी सेक्टरों को बसाने की कवायद तेज कर दी गई है। सभी मूलभूत सुविधाओं को पहले ही विकसित किया जा रहा है। साथ ही, पेड़-पौधों समेत बिजली के खंभों आदि की जियो टैगिंग हो रही है। अब प्राधिकरण शहर का नक्शा भी लाइव करने जा रहा है। इससे शहर के किसी भी प्लॉट की लोकेशन को एक क्लिक के माध्यम से देखा जा सकेगा। वहीं, दिक्कत आने पर बिजली के खंभे की सटीक जानकारी भी मिल जाएगी। इससे परेशानियों को जल्द ही दूर किया जा सकेगा, साथ ही लोगों को शहर के विकास के बारे में पल-पल की जानकारी मिलेगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र गौतमबुद्ध नगर समेत आगरा, मथुरा, बुलंदशहर, हाथरस व अलीगढ़ तक फैला है।

भूमाफिया पर भी नजर रहेगी

इससे सबसे बड़ा फायदा यह भी होगा कि प्राधिकरण अधिकारी भूमाफिया पर नजर रख सकेगा। जेवर एयरपोर्ट आने से प्राधिकरण क्षेत्र में जमीन की कीमतें बढ़ गई हैं। वहीं, भूमाफिया ने भी पांव पसारे शुरू कर दिए हैं। बीते दिनों ही अधिसूचित क्षेत्र में प्राधिकरण ने कार्रवाई कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया था। माफिया यहां पर अवैध कॉलोनी काट रहे थे। नक्शा लाइव होने के बाद प्राधिकरण अफसर भी जमीन की निगरानी कर सकेंगे। गूगल अर्थ ऐप पर यमुना सिटी की 1983 से लेकर आज तक की तस्वीर को भी देखा जा सकेगा। ऐप पर टाइम लेप्स के माध्यम से परियोजनाओं के बारे में भी पता चलेगा।

LATEST