रेवाड़ी। कमांडेंट ₹50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार : सस्पेंड होमगार्ड से ज्वाइनिंग के नाम पर मांगे थे ₹1.50 लाख | एसीबी ने कार्यालय में रंगे हाथों दबोचा
रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को होमगार्ड विभाग के कमांडेंट सुधीर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि कमांडेंट ने एक निलंबित होमगार्ड कर्मी को दोबारा नौकरी पर बहाल कराने के बदले […]

रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को होमगार्ड विभाग के कमांडेंट सुधीर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि कमांडेंट ने एक निलंबित होमगार्ड कर्मी को दोबारा नौकरी पर बहाल कराने के बदले कुल 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी पहले ही 80 हजार रुपये ले चुका था और शेष राशि की मांग कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक निलंबित होमगार्ड हवलदार सुरेश कुमार पिछले करीब 10 महीनों से निलंबन की स्थिति में घर पर बैठा था। सुरेश का आरोप है कि उसे बिना कोई स्पष्ट कारण बताए सस्पेंड कर दिया गया था।
निलंबन का कारण जानने और पुन ड्यूटी पर बहाली के लिए वह लगातार विभागीय कार्यालय के चक्कर काटता रहा, लेकिन उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसी दौरान कथित तौर पर उसकी ज्वाइनिंग कराने के बदले डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई।
सुरेश कुमार ने बताया कि जनवरी माह में उसने मजबूरी में 80 हजार रुपये आरोपी अधिकारी को दे दिए थे। इसके बाद भी उसे ड्यूटी पर बहाल नहीं किया गया। जब बाकी रकम देने का दबाव बनाया गया तो उसने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार को तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता 50 हजार रुपये लेकर गढ़ी बोलनी रोड स्थित होमगार्ड कार्यालय पहुंचा। आरोप है कि कमांडेंट ने रिश्वत की रकम अपने कार्यालय की मेज की दराज में रखवाई। जैसे ही राशि रखी गई, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को नकदी सहित रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी के इंस्पेक्टर जयपाल ने बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से दोबारा ज्वाइनिंग के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत दी गई थी। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। ट्रैप के दौरान आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी को अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि रिश्वतखोरी के इस प्रकरण में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



