30 लाख की हेरोइन बरामद : एंटी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई | उत्तर प्रदेश का तस्कर गिरफ्तार | नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 लाख रुपये कीमत की 271 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक युवक भारी मात्रा में हेरोइन लेकर शादीपुर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक ओमप्रकाश, एएसआई कुलदीप, जसवीर सिंह, ललित, अमित और रवि की टीम का गठन कर शादीपुर क्षेत्र में नाकाबंदी की गई और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।
नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार एक युवक को रोककर पूछताछ की गई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ सौरभ की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 271 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव दरबूजी निवासी शाहरुख के रूप में हुई।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से नशा तस्करी के धंधे में सक्रिय था। वह उत्तर प्रदेश से हेरोइन लाकर यमुनानगर क्षेत्र में सप्लाई करता था। शादीपुर में ससुराल होने के कारण वह रिश्तेदारी का फायदा उठाकर पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था, हेरोइन किससे खरीदकर लाता था और जिले में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। पुलिस का कहना है कि मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है तथा नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के लिए जांच जारी है।



