छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा : अभय चौटाला ने की कार्रवाई की मांग | 27 सितंबर को नूंह में इनेलो का स्थापना दिवस
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद से विधायक अभय सिंह चौटाला ने जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। नूंह दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर बैठे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हजारों छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी बात सुनने के बजाय बल प्रयोग का रास्ता अपनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई में कई छात्र घायल हुए। चौटाला ने कहा कि छात्र कथित पेपर लीक के कारण जान गंवाने वाले युवाओं को न्याय दिलाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य का आंदोलन है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों को राजनीति से ऊपर उठकर छात्रों के समर्थन में खड़ा होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल नीट ही नहीं, बल्कि हरियाणा में भी कई भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो युवाओं का व्यवस्था और सरकार पर से विश्वास उठ जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस दौरान अभय सिंह चौटाला ने इनेलो के स्थापना दिवस और पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती समारोह की तैयारियों की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष यह कार्यक्रम 27 सितंबर को नूंह में भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। पहले यह कार्यक्रम 25 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन जुम्मे की नमाज को देखते हुए मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए तिथि बदलकर 27 सितंबर कर दी गई।
उन्होंने बताया कि पुन्हाना अनाज मंडी का निरीक्षण करने पर स्थान छोटा लगा है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं को 20 से 30 एकड़ खुली जमीन तलाशने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि विशाल रैली आयोजित की जा सके। चौटाला ने दावा किया कि मेवात क्षेत्र से लाखों लोग इस कार्यक्रम में भाग लेंगे और चौधरी देवीलाल व ओमप्रकाश चौटाला द्वारा क्षेत्र के विकास में दिए गए योगदान को याद करेंगे।



