Home: नोएडा क्राइम
नोएडा में सनसनीख़ेज़ घटना, प्राधिकरण के पूर्व CEO की बेटी रहस्यमय ढंग से ग़ायब

नोएडा में सनसनीख़ेज़ घटना, प्राधिकरण के पूर्व CEO की बेटी रहस्यमय ढंग से ग़ायब

नोएडा | क्राइम | 3/31/2024, 7:46 PM | Ground Zero Official

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के पूर्व सीईओ सेवानिवृत्त आईएएस स्वर्गीय सुशील चंद्र त्रिपाठी की सबसे छोटी बेटी रति त्रिपाठी 26 मार्च 2024 से लापता है। यह जानकारी रति त्रिपाठी के अधिवक्ता अनुराग भाटी ने पुलिस को लिखित में दी है।

उन्होंने बताया कि रति त्रिपाठी का अपनी मां किरण त्रिपाठी से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। जिसके चलते उनकी पुत्री ने अपनी मां से अपनी जान का खतरा बताया था, जिसके लिए वह न्यायलय में केस दर्ज करने के लिए अपनी अधिवक्ता से मिलने नोएडा आई हुई थीं।

पिछले वर्ष अमेरिका से आई नोएडा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नोएडा प्राधिकरण में सीईओ रहे स्वर्गीय सुशील चंद्र त्रिपाठी की मई 2021 में कोरोना के चलते मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद अमेरिका में नौकरी कर रही उनकी सबसे छोटी पुत्री रति त्रिपाठी पिछले वर्ष नोएडा आई थी।

नोएडा में आकर उन्होंने अपनी मां से संपर्क किया और अपने पिता की संपत्ति की जानकारी मांगी तो उनकी मां के साथ उनका विवाद हो गया। इसके बाद रति त्रिपाठी मुंबई चली गईं। अधिवक्ता का आरोप है कि उनकी मां ने कुछ लोगों के साथ उन पर हमला भी कराया था। इसके बाद उन्होंने अपने अधिवक्ता से संपर्क किया।

संपत्ति बेटी के नाम होने से चल रहा था विवाद

अधिवक्ता के मुताबिक, रति का अपनी मां से संपत्ति विवाद चल रहा था। रति के पिता अपनी शेयर, म्यूच्यूअल फंड्स, कुछ फ्लैट्स एवं अन्य संपत्ति वसीयत के जरिये अपनी पुत्री के नाम पर कर गए थे। जिसकी वजह से उनकी मां नाराज थीं और वसीयत अपनी पुत्री से छिपा रही थीं।

मां को भेजा कानूनी नोटिस

इसके चलते उन्होंने मां को कानूनी नोटिस भी भेजा था। 24 मार्च 2024 को रति त्रिपाठी अपने मां के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर कोर्ट में वाद दायर करने नोएडा सेक्टर-15A आई हुई थीं। अगले दिन रति त्रिपाठी ने अपने अधिवक्ता से फोन करके बताया कि उनकी मां उनको पुलिस की मौजूदगी में जबरन किसी अस्पताल में भेज रही हैं।

अधिवक्ता के अनुसार, रति ने बताया था कि वह अपनी मां के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दर्ज करने आई थीं, लेकिन उनकी मां ने बीमार बताकर उनको कहीं अनजान जगह पर नजरबंद कर दिया गया है। उनकी जान को खतरा बना हुआ है। 26 मार्च 2024 से ही रति त्रिपाठी लापता हैं और उनके फोन भी बंद आ रहे हैं।

स्वर्गीय सुशील चंद्र त्रिपाठी पूर्व में भारत सरकार में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार मंत्रालय में सचिव भी रह चुके हैं। एसीपी द्वितीय अरविंद कुमार का कहना है कि रति त्रिपाठी को उनके स्वजन ने गुरुग्राम के किसी अस्पताल में भर्ती कराया है। वह लापता नहीं हैं।

LATEST