महेंद्रगढ़ । जिला महेंद्रगढ़ में पहले दिन एचटेट परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न : डीसी-एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण | परीक्षार्थियों ने सराहे प्रशासनिक इंतजाम
महेंद्रगढ़ । हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2025 के पहले दिन शनिवार को जिला महेंद्रगढ़ में परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। पहले दिन केवल महेंद्रगढ़ उपमंडल में लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान उपायुक्त अनुपमा अंजली और पुलिस अधीक्षक दीपक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर […]

महेंद्रगढ़ । हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2025 के पहले दिन शनिवार को जिला महेंद्रगढ़ में परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। पहले दिन केवल महेंद्रगढ़ उपमंडल में लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान उपायुक्त अनुपमा अंजली और पुलिस अधीक्षक दीपक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा, सीसीटीवी, जैमर तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं महेंद्रगढ़ के एसडीएम एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी योगेश सैनी भी दिनभर परीक्षा केंद्रों का दौरा करते रहे।
जिला प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक इंतजामों की परीक्षार्थियों ने सराहना की और परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारु बताया।
रविवार, 5 जुलाई को जिले के नारनौल और महेंद्रगढ़ दोनों उपमंडलों में एचटेट की परीक्षाएं आयोजित होंगी। इसके लिए जिले में कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें नारनौल उपमंडल में 7 और महेंद्रगढ़ उपमंडल में 15 परीक्षा केंद्र शामिल हैं।

रविवार को सुबह के सत्र में लेवल-2 (टीजीटी) तथा शाम के सत्र में लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित होगी। लेवल-2 परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया सुबह 7:50 बजे से शुरू होगी, जबकि लेवल-1 परीक्षा के लिए दोपहर 12:50 बजे से प्रवेश मिलेगा। परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए उड़नदस्ता टीमें पूरे जिले में सक्रिय रहेंगी।
जिले में एचटेट-2025 के लिए कुल 12,793 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें लेवल-1 के लिए 1,921, लेवल-2 के लिए 6,854 तथा लेवल-3 के लिए 4,018 अभ्यर्थी शामिल हैं।
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार और रोडवेज विभाग द्वारा विशेष बसों की व्यवस्था की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने बताया कि महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर मंगलसूत्र, बिंदी और सिंदूर पहनकर आने की अनुमति है, जबकि अन्य आभूषणों पर प्रतिबंध रहेगा। दूसरे दिन भी परीक्षा को पूरी शुचिता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।



