Fatehabad News | नशे से दूर रहने का दिया संदेश : एसपी निकिता खट्टर ने विद्यार्थियों को किया जागरूक | सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखाई प्रतिभा

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय म्योंद कलां में नशे की रोकथाम और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति, हरियाणवी संस्कृति और सामाजिक सरोकारों पर आधारित गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
एसपी निकिता खट्टर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभा को सही दिशा और अवसर मिले तो विद्यार्थी हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के वर्तमान के साथ उसके भविष्य को भी प्रभावित करता है। इसकी शुरुआत कई बार गलत संगत और गलत आदतों से होती है, इसलिए विद्यार्थियों को अपनी संगत का चयन सोच-समझकर करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य और स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
एसपी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने सोशल मीडिया और इंटरनेट का इस्तेमाल सावधानी से करने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक से संबंधित जानकारी या निजी दस्तावेज साझा नहीं करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशा मुक्त जीवन, साइबर सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
Editor: शिवानी राजपूत



