Panchkula News | कौशल्या नदी के तेज बहाव में फंसी टेंपो ट्रैवलर : 10-12 लोगों की जान पर बनी आफत | बच्चों समेत लोग थे सवार

पिंजौर क्षेत्र से होकर बहने वाली कौशल्या नदी में एक टेंपो ट्रैवलर के तेज बहाव के बीच फंसने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। टेंपो ट्रैवलर में बच्चों समेत करीब 10 से 12 लोग सवार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पिंजौर पुलिस और राहत टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर में सवार लोग चंडीगढ़ की तरफ से आए थे और कौशल्या नदी के शिवलोतरी साइड पहुंचे थे। इसी दौरान वाहन नदी के तेज बहाव के बीच फंस गया। पानी का बहाव अधिक होने के कारण वाहन में मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया और स्थिति गंभीर बन गई।
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश के चलते नदी-नालों में पानी का बहाव बढ़ा हुआ बताया जा रहा है। इसी बीच कौशल्या नदी में पानी बढ़ने से टेंपो ट्रैवलर बीच बहाव में फंस गई। वाहन में बच्चों के भी मौजूद होने के कारण मौके पर चिंता बढ़ गई।

हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टेंपो ट्रैवलर में सवार लोग शिवलोतरी क्षेत्र में दर्शन के लिए पहुंचे थे या घूमने के उद्देश्य से आए थे। वाहन नदी के बहाव वाले क्षेत्र तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर भी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पिंजौर पुलिस की टीम, पुलिस की ERV गाड़ियां और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। हालात को देखते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम का पहला प्रयास वाहन में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना था।

कुछ लोगों को टेंपो ट्रैवलर से बाहर निकालकर गांव दमदमा की तरफ से पैदल सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। वहीं अन्य लोगों को भी पानी के तेज बहाव के बीच सुरक्षित रास्ता बनाकर बाहर निकाला गया। समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टेंपो ट्रैवलर पानी के तेज बहाव के बीच फंसी दिखाई दे रही है और रेस्क्यू अभियान चलता नजर आ रहा है। घटना ने बरसात के दौरान नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने रखा है।



