Panchkula News | टाबर के पास भीषण सड़क हादसा : तीन की मौत, दो गंभीर घायल | अज्ञात वाहन ने स्विफ्ट को मारी टक्कर

पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर मौली क्षेत्र के पास गांव टाबर के नजदीक सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक स्विफ्ट कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पांच लोगों में से दो युवकों और एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-32 चंडीगढ़ अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार में चार युवक और एक युवती सवार थे। मौली क्षेत्र के गांव टाबर के पास पहुंचने पर कार को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौली चौकी प्रभारी रामकरण और जांच अधिकारी सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार से घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो घायलों का उपचार शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों में एक युवती की पहचान दिव्या के रूप में बताई जा रही है। वह शहजादपुर की रहने वाली थी और मोहाली में एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। हादसे में जान गंवाने वाले दो अन्य लोगों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।

घायलों में पुष्कर निवासी डेराबस्सी, पंजाब की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सेक्टर-32 चंडीगढ़ अस्पताल रेफर किया गया। दूसरे घायल अमित कुमार को भी चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार कार से बाहर निकालते समय उसके पैर में शीशा लगने से चोट लगी।
दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि फिलहाल घायलों का उपचार चल रहा है। घायलों के बयान दर्ज होने के बाद हादसे की परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएगा।

पुलिस हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टक्कर किस वाहन से हुई और हादसे के बाद चालक किस दिशा में फरार हुआ। पुलिस की जांच और घायलों के बयान के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
Editor: शिवानी राजपूत



