Rohtak News | सरकार के नोटिस पर भड़के सफाई कर्मचारी : 31वें दिन भी हड़ताल जारी | समझौता लागू करने की मांग

नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 31वें दिन भी जारी रही। सरकार की ओर से कर्मचारियों को 5 सितंबर तक काम पर लौटने के लिए नोटिस जारी किए जाने का कर्मचारियों ने विरोध किया। नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान शंभू टांक ने कहा कि जब तक 13 मई को सरकार के साथ हुआ समझौता लागू नहीं किया जाता, तब तक कर्मचारी काम पर नहीं लौटेंगे।
रोहतक नगर निगम परिसर में एकत्रित सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। शंभू टांक ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने के बजाय उनके आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हड़ताल को 31 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

शंभू टांक ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान पहले कर्मचारियों पर लाठीचार्ज किया गया और गिरफ्तारियां हुईं। इसके बाद फायर ब्रिगेड के दो नेताओं को सस्पेंड किया गया और अब सफाई कर्मचारियों को काम पर लौटने के नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ी है।
कर्मचारी नेता के अनुसार सरकार ने नोटिस जारी कर कर्मचारियों को 5 सितंबर तक काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी इन नोटिस से पीछे हटने वाले नहीं हैं और 13 मई को हुए समझौते को लागू कराने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखा जाएगा।
शंभू टांक ने बताया कि प्रदेशभर में भाजपा सरकार के मंत्रियों को ज्ञापन देकर कर्मचारियों की मांगों पर जवाब मांगा जाएगा। इसके साथ ही विपक्ष के नेता को भी ज्ञापन सौंपने की योजना है।
उन्होंने बताया कि 10 से 12 सितंबर तक कर्मचारी गांवों में जाकर अपने आंदोलन के लिए जनभागीदारी और समर्थन जुटाएंगे। इसके बाद 13 सितंबर को कुरुक्षेत्र में पंचायत आयोजित करने की योजना है, जहां मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर मांगों पर जवाब मांगा जाएगा।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार बातचीत के माध्यम से उनकी मांगों का समाधान करे और 13 मई को हुए समझौते को लागू करे। कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
Editor: शिवानी राजपूत



