Yamunanagar News | साइबर अपराधों पर जागरूकता अभियान : छात्रों और आमजन को दिए टिप्स

साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से लोगों को बचाने के लिए जिला पुलिस ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में थाना साइबर क्राइम प्रभारी रविंद्र कुमार ने ओम एकेडमी यमुनानगर और बस स्टैंड पर पहुंचकर विद्यार्थियों, यात्रियों और आमजन को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिले में लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं।

ओम एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड के अलग-अलग स्वरूपों के प्रति सतर्क किया गया। साइबर क्राइम थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध लिंक और फर्जी नौकरी के ऑफर से सावधान रहने की सलाह दी। इसके अलावा लॉटरी, संदिग्ध निवेश योजनाओं और ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर भी जागरूक किया गया।

बस स्टैंड यमुनानगर में पुलिस टीम ने यात्रियों और आम लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। पुलिस ने कहा कि किसी भी ऑनलाइन लेनदेन से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच करें और अनजान व्यक्ति के कहने पर अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन ठगी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस के मुताबिक समय पर शिकायत मिलने से संबंधित लेनदेन पर कार्रवाई की संभावना बेहतर होती है।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और नागरिकों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने जवाब दिया। इस दौरान लोगों को साइबर सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
जिला पुलिस ने लोगों से स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सतर्क करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार जिले में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Editor: शिवानी राजपूत



