Yamunanagar News | तनाव कम करने के लिए संवाद जरूरी : छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

मानसिक तनाव और नकारात्मक विचारों से निपटने के लिए अपनी भावनाओं को परिवार, दोस्तों या विशेषज्ञों के साथ साझा करना महत्वपूर्ण है। डीएवी कॉलेज फॉर गर्ल्स में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मनोचिकित्सक अधिकारी लुभांशी वैद ने छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और समय पर सहायता लेने के महत्व के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम का आयोजन गृह विज्ञान एवं मनोविज्ञान विभाग और एनएसएस यूनिट की ओर से किया गया। इसकी अध्यक्षता कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कौर, गृह विज्ञान विभाग अध्यक्ष पारूल सिंह और एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर कनिका गोयल ने की।

लुभांशी वैद ने कहा कि मानसिक परेशानी या तनाव की स्थिति में भावनाओं को दबाने के बजाय किसी विश्वसनीय व्यक्ति से बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को बताया कि जरूरत पड़ने पर समय पर विशेषज्ञ की सहायता लेना महत्वपूर्ण है। सकारात्मक सोच, आपसी संवाद, खेलकूद और योग जैसी गतिविधियां मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में सहायक हो सकती हैं।
हॉकी कोच हरजीत कौर ने नियमित खेलकूद के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ तनाव कम करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी सहायक हैं। आयुष विभाग की योग प्रशिक्षिका प्रीति बिस्वास ने योग और ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति एवं भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम के तहत पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें 33 छात्राओं ने हिस्सा लिया। बीए मनोविज्ञान ऑनर्स अंतिम वर्ष की पलक सैनी ने प्रथम, बीए प्रथम वर्ष की अंतरा शर्मा ने द्वितीय और बीए मनोविज्ञान ऑनर्स चतुर्थ वर्ष की नर्गिस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महक और हरप्रीत को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं को मानसिक परेशानी के समय अकेले रहने के बजाय विश्वसनीय लोगों से संवाद करने और जरूरत पड़ने पर समय पर सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया। आयोजन में डॉ. परमेश कुमार, मिनल, मानसी, विधि और इंदू ने सहयोग दिया।
Editor: शिवानी राजपूत



