Yamunanagar News | ऑनलाइन भजन गायन प्रतियोगिता आयोजित : पूजा रावत ने पाया पहला स्थान | 18 प्रतिभागियों ने लिया भाग

डीएवी गर्ल्स कॉलेज के संगीत विभाग और वुमेन सेल के संयुक्त तत्वावधान में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में ऑनलाइन भजन गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंबाला, यमुनानगर, चंडीगढ़ और करनाल सहित विभिन्न जिलों के कॉलेजों से कुल 18 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और भक्ति संगीत से जोड़ने के साथ उनकी गायन प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा। प्रतिभागियों ने ऑनलाइन माध्यम से भजनों की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा दिखाई।

संगीत विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीता द्विवेदी और वुमेन सेल कनवीनर डॉ. मीनाक्षी सैनी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। निर्णायक मंडल में वाणिज्य विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर विवेक और अंग्रेजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर लवली राज शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में राजकीय पीजी कॉलेज चंडीगढ़ की पूजा रावत ने पहला स्थान हासिल किया। एसडी कॉलेज अंबाला कैंट के युवराज दूसरे स्थान पर रहे, जबकि जीएनजी कॉलेज की प्रगति ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा एसडी कॉलेज अंबाला कैंट की गुरूसा, डीएवी गर्ल्स कॉलेज की महक और नैंसी तथा राजकीय कॉलेज इंद्री की शिवानी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। आयोजकों ने सभी विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनकी प्रस्तुतियों के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. परमेश कुमार, डॉ. शिखा, मनिका सेठी और नीलम ने योगदान दिया। कॉलेज की ओर से जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी संगीत प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
Editor: शिवानी राजपूत



