Yamunanagar News | कैल कचरा प्लांट के चारों तरफ लगेंगे 3500 पौधे : पौधारोपण अभियान शुरू | विकसित होगी हरित पट्टी

यमुनानगर। पर्यावरण संरक्षण और कैल कचरा निस्तारण प्लांट के आसपास हरियाली बढ़ाने के लिए नगर निगम की ओर से करीब 3500 पौधे लगाए जाएंगे। मंगलवार को मेयर सुमन बहमनी, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद और अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की।
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि कैल कचरा निस्तारण प्लांट के चारों तरफ अलग-अलग प्रजातियों के करीब 3500 पौधे लगाए जाएंगे। इनमें सुगंधित फूलों वाले पौधों के साथ फलदार, औषधीय और सौंदर्यीकरण में सहायक पौधे भी शामिल किए जाएंगे। पौधों के विकसित होने के बाद प्लांट के आसपास हरियाली बढ़ने के साथ वातावरण को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान दे रहा है। पौधारोपण के बाद इन पौधों की देखभाल भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पौधे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने नगर निगम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से भी पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि कचरा निस्तारण प्लांट के आसपास हरित पट्टी विकसित करने का उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली बढ़ाना और आसपास के वातावरण को बेहतर बनाना है। पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और रखरखाव की व्यवस्था की जाएगी, ताकि भविष्य में यह क्षेत्र घनी हरित पट्टी के रूप में विकसित हो सके।
अभियान की शुरुआत के अवसर पर नगर निगम कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार, सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया, राजेश शर्मा, कनिष्ठ अभियंता अभिषेक शर्मा, विशाल, हरिंद्र कुमार सहित निगम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण किया।
Editor: नितिन यादव



