Yamunanagar News | नशे के खिलाफ पुलिस-प्रेस क्लब का अभियान : देवधर से हुई शुरुआत | ग्रामीणों और युवाओं को किया सम्मानित

जिले में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए यमुनानगर पुलिस और शिवाजी प्रेस क्लब ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान ‘नशे से जंग, यमुनानगर पुलिस के संग’ शुरू किया है। अभियान का शुभारंभ छछरौली उपमंडल के गांव देवधर से किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने ग्रामीणों, युवाओं और बुजुर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए पुलिस के साथ ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने देवधर पंचायत की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत की सक्रियता से गांव के करीब छह परिवारों को नशे से बाहर निकालने की दिशा में मदद मिली है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव में कुछ लोगों के नशा तस्करी में शामिल होने की आशंका जताई। इस पर एसपी ने कहा कि नशे की तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस का सहयोग करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
एसपी ने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा नशे से दूरी बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को सम्मानित किया गया। सरपंच प्रतिनिधि मास्टर प्रेमचंद शर्मा, पूर्व सरपंच ओमकार चौधरी और पूर्व सरपंच प्रतिनिधि सलेंद्र कुमार को पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विक्रम सिंह, परविंदर आर्य, प्रीतम सिंह और उनकी टीम को भी नशामुक्ति जागरूकता में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
शिवाजी प्रेस क्लब के प्रधान रविंद्र चौहान ने कहा कि क्लब जनहित से जुड़े अभियानों में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करता रहेगा। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ शुरू की गई इस जागरूकता मुहिम को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा और जिले में आगे भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर पुलिस के नशामुक्ति अभियान ‘सही राह’ के जिला समन्वयक एडवोकेट सुशील आर्य, डीएसपी बिलासपुर रमेश, एएनसी इंचार्ज अनिल, डॉ. नवीन शर्मा, रिंकू सिंह, पूर्व सरपंच रतन सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि बिट्टू चौधरी, प्रतापनगर थाना प्रभारी रोहतास सहित विभिन्न गांवों के पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। शिवाजी प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
Editor: शिवानी राजपूत



