Yamunanagar News | ‘मन की बात’ से विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा : डॉ. अरविंद शर्मा ने कार्यकर्ताओं संग सुना कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को रविवार को साढौरा विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों के साथ सुना। कार्यक्रम ग्राम भम्भौली स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में बूथ नंबर 245 पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के बाद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ देश के नागरिकों को जोड़ने वाला जनसंवाद है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री अलग-अलग क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों, सामाजिक पहलों और लोगों की उपलब्धियों को देश के सामने रखते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने संदेशों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रहित में आगे बढ़ने, समाज के लिए बेहतर कार्य करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। ‘मन की बात’ में आम नागरिकों की प्रेरणादायक पहल को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने से दूसरे लोगों को भी सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का संकल्प नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। हर व्यक्ति अपनी क्षमता और जिम्मेदारी के अनुसार राष्ट्र निर्माण में योगदान देकर इस लक्ष्य को हासिल करने में भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संवाद गांव और बूथ स्तर तक पहुंच रहा है। इससे कार्यकर्ताओं को भी जनसेवा और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सशक्त संगठन और जागरूक समाज की भागीदारी से विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए लोगों के बीच सक्रिय रहना चाहिए।
ग्राम भम्भौली स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। इस दौरान विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की बात कही गई।



